UP 2027 Assembly Elections: लखनऊ में हाल ही में आयोजित भाजपा के शक्तिकेंद्र संयोजकों के विशाल सम्मेलन को केवल एक रूटीन राजनीतिक बैठक के तौर पर देखने की भूल नहीं की जानी चाहिए। यह आयोजन वास्तव में एक ऐसी रणनीतिक चेतावनी था, जिसके ताने-बाने में 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए ‘महाभारत’ का एक व्यापक मंत्र छुपा हुआ था। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ-साथ दोनों उपमुख्यमंत्रियों—केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक—की एक साथ मंच संबोधित करने की घटना इस बात का स्पष्ट संकेत है कि पार्टी ने अब जनता के बीच जाने और संगठन को चुस्त-दुरुस्त करने के ‘मिशन मोड’ में शिफ्ट कर लिया है।
राजनीतिक महाभारत का कुरुक्षेत्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन की शुरुआत ‘सियावर राम चंद्र की जय’ और ‘योगेश्वर श्रीकृष्ण की जय’ से की। यह केवल धार्मिक बोली नहीं थी, बल्कि एक गहरी राजनीतिक संदेश था। राम और कृष्ण—दोनों ही चरित्रों ने अपने-अपने समय में धर्म की रक्षा के लिए संघर्ष किया और जो भी इस धर्मयुद्ध में शामिल हुआ, उसे अपनी भूमिका का निर्वहन करना पड़ा। योगी ने इसी संदर्भ को आगे बढ़ाते हुए चुनावी रणनीति के सबसे सूक्ष्म और महत्वपूर्ण बिंदु—’बूथ’ को केंद्र में रखा।

उनका कथन कि “अगर पार्टी का बूथ कमजोर है, तो जीत की कल्पना व्यर्थ है”, भारतीय चुनावी व्यवस्था का सबसे कड़ा सत्य है। भाजपा ने इस बार ‘शक्तिकेंद्र’ के मॉडल को इसलिए अभिनव प्रयोग के रूप में सामने रखा है, क्योंकि पार्टी जानती है कि जनता के मन में मौजूद ‘मोदी-योगी’ के ब्रांड को मतदान केंद्र तक ले जाने के लिए एक मजबूत अंतिम माइल होना अनिवार्य है।
पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए योगी ने एक रणनीतिक नीति की झलक दी। बंगाल वह राज्य है जहां भाजपा ने सबसे कठिन परिस्थितियों में, अक्सर कार्यकर्ताओं के बलिदान देने के बावजूद, जमीनी स्तर पर शक्तिकेंद्रों को इतना मजबूत किया कि वहां पार्टी की उपस्थिति अब अनदेखी नहीं की जा सकती। यूपी में इस मॉडल को लागू करने का अर्थ है कि भाजपा 2027 में किसी भी तरह की अनिश्चितता को खत्म करना चाहती है।
विचारधारा से विकास तक का सफर
योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में विचारधारा के धुराधारों—दीन दयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए एक बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। यह संदेश कार्यकर्ताओं को यह याद दिलाना था कि भाजपा की राजनीति किसी अस्थायी जातिगत या व्यक्तिगत गठबंधन पर नहीं, बल्कि एक लंबे और दर्दनाक वैचारिक संघर्ष पर टिकी है। डॉ. मुखर्जी का उल्लेख कर उन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के हटने और बंगाल में हिंदू सुरक्षा के मुद्दे को जोड़ा, जबकि दीन दयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा।

2017 से पहले के उत्तर प्रदेश और आज के यूपी के बीच के तुलनात्मक विश्लेषण में योगी ने जो तस्वीर पेश की, वह काफी प्रभावशाली थी। उन्होंने ‘माफिया राज’ और ‘संपत्तियों की लूट’ की जगह ‘ब्रह्मोस मिसाइल’ के निर्माण और धार्मिक स्थलों के विकास की तस्वीर खड़ी की। यह तुलना इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे राज्य की छवि एक ‘ग्रोथ इंजन’ के रूप में स्थापित होती है, जो राष्ट्रीय सुरक्षा और आस्था दोनों के केंद्र के रूप में काम कर रहा है।
मौर्य, पाठक और नवीन की भूमिका
इस मंच पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के भाषणों की त्रिकोणीय रणनीति स्पष्ट थी। केशव प्रसाद मौर्य ने अपनी पारंपरिक अग्रेसी के अंदाज में सपा पर सीधा प्रहार किया। उनका कथन कि “सपा की साइकिल को पंक्चर करके सीधे सैफई भेज दिया जाएगा”, केवल एक राजनीतिक व्यंग्य नहीं है, बल्कि यह सपा के ‘परिवारवादी’ केंद्र को ही उसकी कमजोरी के रूप में प्रस्तुत करता है। मौर्य का आह्वान—”सब कुछ भूल जाइए, बस नरेंद्र मोदी और कमल का फूल याद रखिए”—पार्टी के लिए ‘लीडरशिप-फर्स्ट’ अभियान की घोषणा है, जहां स्थानीय मुद्दों या अंदरूनी कलह को भुनाने की बजाय प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व को मतदाता तक पहुंचाना ही एकमात्र मंत्र है।
दूसरी ओर, ब्रजेश पाठक ने विपक्ष के ‘महिला हितैषी’ दावों को काटते हुए एक विस्तृत जनसंपर्क रणनीति की रूपरेखा पेश की। उन्होंने महिलाओं और किसानों को लेकर भाजपा की उपलब्धियों (जैसे 6 हजार रुपये की किसान पेंशन) को रेखांकित किया। यह रणनीति इसलिए अहम है, क्योंकि विपक्ष अक्सर किसानों के मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने का प्रयास करता है। पाठक ने माफियाओं के भयभीत होकर जेल या राज्य से भागने का उदाहरण देकर ‘योगी राज’ के कानून-व्यवस्था के मॉडल को मजबूती से स्थापित किया।
नितिन नवीन का वैचारिक
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का भाषण इस सम्मेलन का सबसे तीखा हिस्सा था, जिसमें विपक्ष को वैचारिक तौर पर कोणे में धकेलने की कोशिश की गई। उन्होंने राहुल गांधी, अखिलेश यादव और अरविंद केजरीवाल को एक साथ निशाने पर लेते हुए एक स्पष्ट संदेश दिया—”हिंदू धर्म को इतना कमजोर मत समझिएगा कि लोग आपके झांसे में आ जाएंगे।” यह बयान इसलिए खास है, क्योंकि भाजपा ने अब ‘सनातन’ शब्द को अपने राजनीतिक शस्त्रागार का सबसे तेज हथियार बना लिया है।
नवीन ने कांग्रेस को ‘खत्म’ घोषित करते हुए राहुल गांधी पर उनके नाना-दादा (जवाहरलाल नेहरू और फिरोज गांधी) के देश बांटने के इतिहास को याद कराने का दंड दिया। लेकिन उनका सबसे बड़ा हमला अखिलेश यादव पर ‘आस्था के नाम पर घड़ियाली आंसू बहाने’ के आरोप के रूप में देखने को मिला। हाल ही में अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर उठे विवाद को भाजपा ने बखूबी भुनाया। नवीन ने स्पष्ट किया कि जो लोग सुप्रीम कोर्ट में प्रभु राम के अस्तित्व पर सवाल उठा सकते हैं और कारसेवकों पर गोली चलवा सकते हैं, वे आस्था के किसी भी मुद्दे पर बात करने के लायक नहीं हैं।
नवीन ने वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर के उदाहरण को बहुत ही भावनात्मक ढंग से पेश किया। तंग गलियों में सिकुड़े भोले बाबा के दर्शन की वह पुरानी पीड़ा और आज विशाल कॉरिडोर के बाद आने वाला गर्व—इस तुलना ने मंच पर बैठे हर उस कार्यकर्ता की नसों में एक नई ऊर्जा भरी होगी, जिसने कभी ना कभी उस तंगी का अनुभव किया होगा।






















