Delhi News: दिल्ली पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स सेल और शाहदरा जिला पुलिस ने राजधानी में महिला ड्रग्स तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली पुलिस ने तीन महिला तस्करों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में नशीले पदार्थ और सोना बरामद किया है, जबकि शाहदरा पुलिस ने 50 हजार रुपये की इनामी और मकोका (MCOCA) के तहत वांछित बहु-राज्यीय ड्रग सिंडिकेट की सरगना को गिरफ्तार किया है।
साउथ ईस्ट दिल्ली: ट्रेन से लाती थीं गांजा, 3 गिरफ्तार
साउथ ईस्ट दिल्ली के एंटीनाकोटिक्स स्क्वायड ने 5 अप्रैल को एक गुप्त सूचना के आधार पर सरायकाले खां इलाके में छापेमारी की। एडिशनल डीसीपी ऐश्वर्या शर्मा के मार्गदर्शन में इंस्पेक्टर विष्णु दत्त की टीम ने जाल बिछाकर एक महिला तस्कर को दबोचा। पूछताछ में उसने अपने दो अन्य साथियों के नाम बताए, जिसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान दारो देवी, आरती और सुधा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 23.284 किलोग्राम गांजा, 28 ग्राम समैक, 252.15 ग्राम सोने का चेन और 2,90,230 रुपये नकद बरामद किया है।
यह भी पढ़ें : जाने हिन्दू त्योहारों, पर्वों और व्रतों का गहरा रहस्य
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुख्य आरोपी दारो देवी नोएडा में रहती थी। वह अपने साथियों के साथ मिलकर ट्रेन के माध्यम से गांजे की बड़ी खेप दिल्ली लाती थी, जिसे बाद में साउथ ईस्ट जिले के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई किया जाता था। तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज करके आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
शाहदरा: 50 हजार की इनामी और मकोका की तलाशी गिरफ्तार
इसी बीच, शाहदरा जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने एक और सफल ऑपरेशन को अंजाम दिया। पुलिस ने 50 हजार रुपये की इनामी महिला आरोपी कुसुम को गिरफ्तार किया है। कुसुम पर मकोका (MCOCA) के तहत मामले दर्ज थे और वह लंबे समय से फरार चल रही थी।
डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि कुसुम सुल्तानपुरी इलाके की रहने वाली है और कोर्ट द्वारा उसे पहले ही ‘घोषित अपराधी’ (Proclaimed Offender) घोषित किया जा चुका है। कुसुम को एक बहु-राज्यीय ड्रग सिंडिकेट की मुख्य सरगना माना जाता है। वह अपने नेटवर्क के जरिए दिल्ली के अलावा हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भी ड्रग्स की सप्लाई का कारोबार संचालित कर रही थी। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से ही कई मामले दर्ज हैं।

दिल्ली पुलिस के इन दोनों अलग-अलग ऑपरेशन से यह साफ जाहिर होता है कि राजधानी में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। पुलिस इन गिरोहों के अन्य सदस्यों और आपूर्तिकर्ताओं तक पहुंचने के लिए गहनता से जांच कर रही है।




















