कोयंबटूर में भयावह हादसा; खाई में गिरी केरल की टूरिस्ट वैन, 9 लोगों की दर्दनाक मौत

Tamil Nadu News: केरल के मलप्पुरम जिले से 13 लोगों को लेकर यह वैन वालपराई-पोल्लाची पहाड़ी मार्ग से उतर रही थी। तभी 13वें हेयरपिन मोड़ के पास अचानक वैन बेकाबू हो गई। पहले वह सड़क किनारे लगे बैरियर से जोरदार टकराई और फिर एक गहरी खाई में जा गिरी।

खाई में लुढ़कने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई गाड़ी

HIGHLIGHTS

  • वापसी का सफर बना मौत का सौदा
  • कोयंबटूर में खाई में गिरी वैन, 9 शिक्षकों की छिनी जान
  • वालपराई के हेयरपिन बेंड पर तबाही
  • हेयरपिन बेंड पर बेकाबू हुई वैन, 9 लोगों की मौत
  • कोयंबटूर में टूरिस्ट वैन हादसे में 9 की मौत

Tamil Nadu News: तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले के वालपराई पहाड़ी क्षेत्र में एक बड़ा और दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहां सैर-सपाटे के लिए आई केरल की एक टूरिस्ट वैन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें अब तक 9 लोगों की मौत हो गई है, जबकि ड्राइवर समेत चार अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

ये था पूरा हादसा

जानकारी के अनुसार, केरल के मलप्पुरम जिले से 13 लोगों को लेकर यह वैन वालपराई-पोल्लाची पहाड़ी मार्ग से उतर रही थी। तभी 13वें हेयरपिन मोड़ के पास अचानक वैन बेकाबू हो गई। पहले वह सड़क किनारे लगे बैरियर से जोरदार टकराई और फिर एक गहरी खाई में जा गिरी। मौके पर मौजूद तस्वीरों से हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। खाई में कई बार लुढ़कने के बाद वैन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त और पिचक गई।

मौके पर ही 8 ने तोड़ा दम

वालपराई के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसा इतना भयंकर था कि **8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।** इनमें 7 महिलाएं और 1 पुरुष शामिल हैं। जबकि, एक अन्य घायल व्यक्ति की पोल्लाची सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे मृतक संख्या बढ़कर 9 हो गई है।

वालपराई घूमने गए थे टीचर्स

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए लोग मलप्पुरम स्थित एक स्कूल के शिक्षक हैं। ये लोग वालपराई में पिकनिक मनाने के बाद अपने घर लौट रहे थे कि रास्ते में यह भयानक दुर्घटना हो गई।

बचाव अभियान और जांच शुरू

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और अग्निशमन सेवा (फायर ब्रिगेड) की टीमें पहुंचीं। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर खाई से शवों को बाहर निकाला गया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। कोयंबटूर के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “हम जांच कर रहे हैं कि आखिर इस हादसे की वजह क्या थी। फिलहाल यह पुष्टि नहीं हो पाई है कि ड्राइवर की हालत कैसी है।” पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

PMO ने जताया शोक

इस भयानक हादसे पर प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से भी प्रतिक्रिया आई है। PMO ने आधिकारिक ट्वीट कर कहा, “तमिलनाडु के कोयंबटूर में हुई दुर्घटना के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now