Bihar News: बिहार के नवादा जिले से जंगली हाथियों के आतंक का एक दिलदहला देने वाला मामला सामने आया है। गोविंदपुर थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में बुधवार को दो दर्जन से अधिक हाथियों के एक झुंड ने खेत में फसल कटाई कर रही एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर हमला कर दिया। हाथी ने महिला को अपनी सूंड में लपेटकर जमीन पर जोरदार फेंक दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
बेटे की मौजूदगी में हुई वारदात
मिली जानकारी के अनुसार, माधोपुर गांव निवासी मुन्ना देवी (70) बुधवार सुबह अपने खेत में गेहूं की कटाई कर रही थीं। इस दौरान उनका बेटा शिवरतन प्रसाद यादव भी उनके साथ मौजूद था। अचानक लगभग 24 से ज्यादा हाथियों का एक बड़ा झुंड उनके खेत की तरफ बढ़ने लगा।
बेटे शिवरतन ने बताया कि जब हाथियों का झुंड पास आया तो उसने मां को हाथियों से बचकर भागने की चेतावनी दी, लेकिन बुजुर्ग महिला ने हाथियों को अपनी फसल से भगाने की कोशिश की। इसी बीच, झुंड में से एक हाथी आगे बढ़ा और उसने मुन्ना देवी को अपनी सूंड से पकड़कर जमीन पर बुरी तरह पटक दिया।
मौके पर मौजूद लोग भी रहे बेबस
शिवरतन ने बताया कि हाथियों के आतंक के चलते मौके पर मौजूद कई लोग बेबस नजर आए और किसी ने मदद करने की हिम्मत नहीं जुटाई। लोगों ने जान बचाकर भागना ही बेहतर समझा। जब वह और अन्य ग्रामीण खतरे को देखते हुए वापस महिला के पास पहुंचे, तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। शिवरतन ने किसी तरह अपनी जान बचाई।
यह भी पढ़ें : सोमवार व्रत कथा का रोचक प्रसंग, जाने शिव का ये चमत्कार
इस घटना के बाद से पूरे गोविंदपुर थाना क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीणों में हाथियों के खिलाफ काफी रोष है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगली हाथी सिर्फ लोगों की जान ही नहीं, बल्कि किसानों की महीनों की कठिन मेहनत से तैयार फसलों को भी चट कर रहे हैं। रात के समय लोग भय के साये में सोने को मजबूर हैं।
वन विभाग से स्थाई समाधान की मांग
मृतका के परिजनों और ग्रामीणों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से इस समस्या के स्थाई समाधान की मांग उठाई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही हाथियों के झुंड को इलाके से खदेड़ने और लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो वे सड़क जाम जैसे आंदोलन करने पर मजबूर होंगे। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।




















