Amritsar Gurudwara Accident: पंजाब के अमृतसर शहर में रविवार को एक ऐसा दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ दी है। धार्मिक आस्था और सेवा के केंद्र गुरुद्वारा शहीद गंज बाबा दीप सिंह में जब लोग ईश्वर की भक्ति में लीन थे, तभी अचानक मौत बनकर ऊपर से भारी मलबा गिर पड़ा। यह हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही चीखें गूंज उठीं, गुरुद्वारे के निर्माणाधीन लंगर हॉल की छत से अचानक लोहे की भारी प्लेटें टूटकर नीचे गिर गईं। इस हादसे की चपेट में आकर सेवा कर रही कई महिलाएं बुरी तरह दब गईं, जिससे दो महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।
हादसे का भयावह मंजर
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह घटना उस वक्त हुई जब गुरुद्वारे में श्रद्धालुओं का काफी तांता लगा हुआ था। गुरुद्वारा शहीद गंज बाबा दीप सिंह अमृतसर का एक प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां लोग सेवा के लिए बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। मृतक और घायल महिलाएं भी वहां लंगर हॉल के निर्माण कार्य के पास ही सेवा में जुटी हुई थीं। अचानक ऊपर से लोहे की प्लेटों का गिरना एक बिजली गिरने जैसा था। आवाज इतनी तेज थी कि लोग समझ नहीं पाए कि आखिर हो क्या रहा है। देखते ही देखते वहां अफरा-तफरी मच गई। धूल और शोर के बीच लोग अपनों को बचाने के लिए भागे, लेकिन कई महिलाएं इन भारी प्लेटों के नीचे दब गईं।
अस्पताल में भर्ती कराए गए घायल
हादसे के तुरंत बाद गुरुद्वारा कमेटी और श्रद्धालुओं ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। घायल महिलाओं को तत्काल नजदीकी गुरु रामदास अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने घायलों का इलाज शुरू कर दिया है। डॉक्टरों का कहना है कि पांच महिलाओं की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है। वहीं, दो महिलाओं को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जिससे उनके परिवारों में कोहराम मच गया। मृतक महिलाओं की पहचान की जा रही है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही अमृतसर पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें हरकत में आ गईं। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने बचाव कार्य में सहयोग किया और भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की। अमृतसर की पुलिस सुपरिटेंडेंट (एसपी) अमनदीप कौर तुरंत अस्पताल पहुंचीं और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से बातचीत कर घायलों को बेहतर सुविधा देने के निर्देश दिए।
एसपी अमनदीप कौर ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि हादसे के बाद अस्पताल में भारी भीड़ इकट्ठा हो गई थी। लोग अपने चहेतों के हालचाल जानने के लिए अस्पताल के अंदर घुस गए थे, जिससे डॉक्टरों को काम करने में दिक्कत हो रही थी। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद घायल महिलाओं के साथ बहुत सारे लोग अस्पताल के अंदर पहुंच गए थे, जिसके कारण इलाज में रुकावट आ रही थी. पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील की ताकि घायलों का सही तरीके से उपचार किया जा सके। पुलिस ने अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है ताकि भीड़ के कारण कोई और परेशानी न हो।
घायल महिला की आंखों देखा वो खौफनाक मंजर
इस हादसे में घायल अजनाला की एक महिला ने अस्पताल में दर्द भरी कहानी सुनाई, उनके शब्दों में पूरी घटना का भयावह रूप साफ झलक रहा था। घायल महिला ने बताया कि मैं भी माथा टेकने के लिए लाइन में खड़ी थी. हम सब सेवा में मगन थे। तभी अचानक एक तेज आवाज हुई, जैसे बिजली गिरी हो। जैसे ही मैंने ऊपर देखा, तो लोहे की प्लेटें हमारे ऊपर गिरने लगीं।
महिला ने आगे बताया कि पहले उन्हें एक जोरदार झटका लगा और वह नीचे गिर गईं। चारों तरफ चीखें और शोर था। इसी घबराहट में वह बेहोश हो गईं। जब उन्हें होश आया, तो उन्हें अस्पताल में पाया गया। महिला ने बताया कि उन्हें पता चला कि इस हादसे में कई महिलाएं घायल हो चुकी हैं और दो महिलाओं की मौत हो गई है, जिससे वह बिल्कुल स्तब्ध रह गईं। उन्होंने अपनी चोटों के बारे में बताते हुए कहा कि उनके सिर में गंभीर चोट आई है और डॉक्टरों को उन्हें कई टांके लगाने पड़े हैं। उनके चेहरे पर अभी भी उस भयावह पल का डर साफ देखा जा सकता था।
निर्माण गुणवत्ता पर सवालिया निशान
यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं है, बल्कि यह सवाल खड़े करता है कि धार्मिक स्थलों पर चल रहे निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों का कितना ध्यान रखा जा रहा है। गुरुद्वारा शहीद गंज बाबा दीप सिंह में लंगर हॉल का निर्माण कार्य चल रहा था। सवाल उठता है कि आखिर इतनी भारी लोहे की प्लेटें अचानक कैसे गिर सकती हैं? क्या निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया था या फिर लापरवाही बरती गई? लोगों में इस बात की चिंता है कि अगर निर्माण सामग्री की जांच नहीं की गई, तो भविष्य में ऐसे हादसे फिर से हो सकते हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
























