वायरल वीडियो ने हिलाया गुरुग्राम, पुलिस ने दर्ज किया केस!

गुरुग्राम के कृष्णा चौक पर आवारा मवेशियों को पकड़कर गौशाला ले जा रही नगर निगम की टीम पर पशुपालकों ने हमला कर दिया। पथराव में गाड़ी के शीशे टूटे। पूरी घटना CCTV में कैद, पुलिस ने केस दर्ज किया।

मवेशी पकड़ने गई निगम टीम पर जमकर हमला, वीडियो वायरल!

HIGHLIGHTS

  • गुरुग्राम में सरकारी कर्मचारियों पर हमला, जान बचाकर भागे कर्मचारी!
  • CCTV में कैद हुआ पूरा हमला, सोशल मीडिया पर बवाल!
  • आवारा मवेशी पकड़ते ही भड़के पशुपालक, तोड़े गाड़ी के शीशे!
  • कृष्णा चौक बना अखाड़ा, निगम टीम को भागना पड़ा!

गुरुग्राम में सरकारी कर्मचारियों के साथ बदसलूकी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मंगलवार दोपहर कृष्णा चौक पर आवारा मवेशियों को पकड़कर गौशाला छोड़ने जा रही नगर निगम की टीम पर पशुपालकों ने अचानक हमला बोल दिया। बहस के बाद हुई हाथापाई और पथराव में निगम की गाड़ी के शीशे टूट गए। गनीमत रहा कि इस पूरे घटनाक्रम में कोई कर्मचारी घायल नहीं हुआ। घटना सर्विलांस कैमरे में कैद हो गई और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

हरिनगर कॉलोनी से शुरू हुआ पूरा मामला

बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर नगर निगम की टीम ने हरिनगर कॉलोनी इलाके से सड़कों पर आवारा घूम रहे मवेशियों को पकड़ा। खुले घूम रहे ये मवेशी वाहन चालकों के लिए लगातार दुर्घटना का खतरा बने हुए थे। पकड़े गए इन पशुओं को पालम विहार रोड स्थित कार्टरपुरी गौशाला में पहुंचाना था। लेकिन गौशाला तक पहुंचने से पहले ही कृष्णा चौक पर स्थिति बिगड़ गई।

कृष्णा चौक पर रुकवाई गाड़ी, बहस पहुंची तकरार तक

आरोप है कि बाइकों और गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे पशुपालकों ने निगम की गाड़ी को रास्ते में ही रोक लिया। इसके बाद पशुपालकों और निगम कर्मचारियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे तकरार में बदल गई। बीच-बचाव कराने के लिए कुछ गौ-रक्षक भी मौके पर पहुंच गए, लेकिन हालात शांत होने की बजाय और बिगड़ गए।

हाथापाई के बाद पथराव

आरोपियों ने पहले कर्मचारियों के साथ बदसलूकी की और फिर टीम पर हमला बोल दिया। पथराव में गाड़ी के शीशे टूट गए। हमले से घबराए नगर निगम के कर्मचारी जान बचाकर मौके से भाग गए।

घटना के समय कृष्णा चौक पर लगे कैमरों में पूरा घटनाक्रम कैद हो गया। कैमरे में दर्ज घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद मामला गरमा गया है।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, वाहन में तोड़फोड़, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और कर्मचारियों पर हमला करने का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

आवारा मवेशियों की समस्या एक बार फिर चर्चा में

यह पहला मौका नहीं है, जब गुरुग्राम में मवेशी पकड़ने वाली टीम के साथ टकराव देखा गया हो। शहर की सड़कों पर आवारा मवेशी लंबे समय से बड़ी समस्या बने हुए हैं और इनकी वजह से कई बार सड़क दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। निगम समय-समय पर अभियान चलाकर मवेशियों को गौशालाओं में भेजता है, लेकिन ऐसे अभियानों के दौरान विवाद अक्सर सामने आते रहते हैं। इस घटना के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि ड्यूटी पर जा रही सरकारी टीम की सुरक्षा आखिर कौन करेगा?

सेक्टर-40 में रंजिश में कार चालक की हत्या

वहीं, गुरुग्राम से एक और सनसनीखेज खबर सामने आई है। सेक्टर-40 इलाके में रविवार रात हुए झगड़े की रंजिश में छह युवकों ने डंडों से पीट-पीटकर 35 वर्षीय कार चालक बाबूलाल की हत्या कर दी। मध्य प्रदेश के रहने वाले बाबूलाल की रविवार को पड़ोसी से कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद उसने एक युवक के साथ मारपीट की थी। इसी रंजिश को लेकर सोमवार को घायल युवक के दोस्त उसकी झुग्गी में घुस गए और जानलेवा हमला बोल दिया। पुलिस ने पत्नी की शिकायत पर मामला दर्ज कर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now