Punjab News: पंजाब की राजनीति में शुक्रवार को एक बड़ा बदलाव देखने को मिला, जिसने विपक्षी दलों के लिए चुनौतियां बढ़ा दी हैं और सत्तारूढ़ आप पार्टी में खुशी की लहर है। पंजाब नगर निकाय चुनावों के नतीजे आने के बाद सीएम भगवंत मान ने विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। कहा कि यह जीत केवल नगर निकायों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसने 2027 के विधानसभा चुनावों की तस्वीर भी साफ कर दी है। सीएम भगवंत मान का दावा है कि आने वाले समय में राज्य में आप पार्टी की सरकार इससे भी बड़े बहुमत के साथ सत्ता में आएगी।
2027 में आप पार्टी
परिणामों के बाद मीडिया से बात करते हुए उत्साहित सीएम भगवंत मान ने कहा कि आज के स्थानीय निकाय चुनाव नतीजों ने ये साफ कर दिया है कि 2027 में आप पार्टी और ज्यादा बड़े बहुमत से राज्य में सरकार बनाएगी। 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए माहौल इससे बेहतर हो ही नहीं सकता। पंजाब की जनता ने विकास और अच्छे शासन को चुना है।
पंजाब के स्थानीय निकाय चुनाव में लोगों ने जहां आप पार्टी के काम पर मुहर लगाई है, वहीं भाजपा की नफरत और धर्म व जाति के नाम पर बांटने वाली राजनीति को नकार दिया है। पंजाब के लोगों ने देश के लिए सेक्युलरिज्म को चुना है और भाजपा की सांप्रदायिक राजनीति को हर दी है।
भाजपा पर सीएम भगवंत मान ने तंज
चुनाव नतीजों पर भाजपा को घेरते हुए सीएम भगवंत मान ने तंज कसा कि अभी तक यह पता नहीं चल रहा कि राज्य में आप पार्टी के मुकाबले में कौन है और कहा कि इन चुनावों में शहरी, बड़े कस्बों के लोगों ने वोट डाली थी। भाजपा यह दावा करती थी कि शहरी वोटर उनके साथ हैं, लेकिन नतीजों ने सच सामने ला दिया है। भाजपा इस बार पांचवें नंबर पर है।
सीएम भगवंत मान ने आकड़ों के हवाले से कहा कि हमारी सीटें इतनी ज्यादा हैं कि कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा तीनों को मिला लें तब भी वो हमसे कम हैं। 90 प्रतिशत से ज्यादा नगर पंचायत और नगर परिषद में आप पार्टी जीत गई है। यह कोई छोटी बात नहीं है। यह बयान इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि शहरी क्षेत्रों को पारंपरिक रूप से भाजपा और कांग्रेस का गढ़ माना जाता था, जहां आप पार्टी ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है।
सीएम भगवंत मान का दबाव का दिया जवाब
सीएम भगवंत मान ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले आप पार्टी के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया गया। उन्होंने कहा कि तभी तो इतनी कोशिशें की जा रही थीं। हमारे नेताओं पर इडी (प्रवर्तन निदेशालय) की रेड हो रही थी। कस्बों में व्यापारियों को तंग किया जा रहा था। हमारे राज्यसभा सांसदों को भाजपा में शामिल कराने की कोशिश की गई, जिसे ऑपरेशन लोटस कहा जाता है। लेकिन पंजाब की जनता सब समझती है।
सीएम भगवंत मान ने जोर देकर कहा कि यह जीत किसी एक क्षेत्र विशेष की नहीं है, बल्कि पूरे पंजाब में आप पार्टी का स्वीकार दर्शाती है। माझा, मालवा और दोआबा तीनों क्षेत्रों में पार्टी जीती है। यह पंजाब की जनता का प्यार है।
चुनाव आयोग के आंकड़ों में आप पार्टी का दबदबा
बता दें कि पंजाब में 8 नगर निगमों, 75 नगर परिषदों और 20 नगर पंचायतों के कुल 1977 वार्डों में 26 मई को मतदान हुआ था। मतदान के बाद गिनती में आप पार्टी का प्रदर्शन ऐतिहासिक रहा। जगह-जगह से आप पार्टी प्रत्याशियों की जीत की खबरें आती रहीं। नतीजों ने विपक्ष के बीच ‘अंतिम विकल्प’ (Last Option) की बहस को भी बेमानी कर दिया है, क्योंकि जहां कांग्रेस और अकाली दल अपनी जमीन बचाने के लिए संघर्ष करते दिखे, वहीं बीजेपी की साख खत्म होती नजर आई।
























