Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में राजनगर एक्सटेंशन स्थित एक हाई-राइज सोसाइटी में शुक्रवार को आग लगने से भारी अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि तत्काल आसपास के फ्लैटों को खाली कराया गया।
फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इस दौरान अग्निशमन विभाग ने एक सराहनीय काम करते हुए आग की चपेट में आए फ्लैट से सोने के जेवरात और अहम कागजात सुरक्षित बाहर निकाले।
यह है पूरा मामला
यह घटना नंदग्राम थाना क्षेत्र के क्लासिक रेजिडेंसी सोसाइटी की है। सूचना के अनुसार, डी टावर की तीसरी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में अचानक आग लग गई। आग की तेजी देखते ही बवाल मच गया। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन कोतवाली से टीम मौके के लिए रवाना हुई। हालांकि, आग की भयावहता को देखते हुए मदद के लिए फायर स्टेशन वैशाली से भी एक अतिरिक्त फायर टेंडर बुलाया गया।
यह भी पढ़ें : दिल्ली: CBSE बोर्ड ने सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर दी जानकारी
सोसाइटी की मेंटेनेंस टीम ने दिखाई सूझबूज
सोसाइटी के अध्यक्ष विकास चौधरी ने बताया कि आग लगने की जानकारी मिलते ही सबसे पहले सोसाइटी की मेंटेनेंस टीम मौके पर पहुंची। सोसाइटी में लगे फायर सिस्टम और इक्विपमेंट पूरी तरह से सक्रिय थे, जिनकी मदद से तुरंत आग बुझाने की कोशिश शुरू की गई। इसी बीच अग्निशमन विभाग को फोन किया गया, जो आधे घंटे के अंदर मौके पर पहुंच गया।
डेढ़ घंटे की जद्दोजहद और बची जेवरात
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) राहुल पाल के नेतृत्व में अग्निशमनकर्मियों ने तकरीबन डेढ़ घंटे तक आग बुझाने की कवायद की। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर फायर ब्रिगेड थोड़ी देर से पहुंचती, तो आग पूरी बिल्डिंग में फैल सकती थी। आग बुझाने के दौरान फायर ब्रिगेड की टीम ने फ्लैट मालिक मुकुल निगम के दो सोने के कड़े, एक अंगूठी और घर के महत्वपूर्ण कागजात बरामद किए और उन्हें सुरक्षित मुकुल निगम के सुपुर्द किया।
जनहानि तो नहीं, लेकिन सामान खाक
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि फायर ब्रिगेड की समय पर पहुंच से किसी भी तरह की जनहानि टल गई है। हालांकि, फ्लैट के अंदर रखा पूरा सामान आग की चपेट में आकर जलकर खाक हो गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें : मासिक राशिफल अप्रैल 2026: जानिए ग्रहों की चाल से आपके जीवन में आएंगे क्या बदलाव?
सरकार से फायर स्टेशन की मांग
इस घटना के बाद सोसाइटी प्रबंधन ने सरकार को चेतावनी भरा संदेश दिया है। सोसाइटी के अध्यक्ष विकास चौधरी ने बताया कि राजनगर एक्सटेंशन में तकरीबन 45 हाई-राइज सोसाइटियां हैं। किसी भी बड़ी दुर्घटना को देखते हुए यहां नजदीकी फायर स्टेशन बहुत जरूरी है।
उन्होंने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि राजनगर एक्सटेंशन में जल्द से जल्द एक फायर स्टेशन का निर्माण किया जाए, ताकि ऐसी आपात स्थितियों में बिना समय गंवाए जान-माल को बचाया जा सके।


























