संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। नोएडा में रविवार को दिनदहाड़े पुलिस और एक इनामी गैंगस्टर के बीच मुठभेड़ हो गई। महामाया फ्लाइओवर के पास हुई इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस और बदमाश की ओर से फायरिंग हुई। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नत्थूपुरा, बुराड़ी, दिल्ली निवासी अजय उर्फ रामनिवास के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक अजय पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ चोरी और लूट के एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस कर रही थी चेकिंग
एसीपी प्रवीण कुमार सिंह के अनुसार, मुखबिर से बदमाशों के संबंध में सूचना मिलने के बाद थाना सेक्टर-39 पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान महामाया फ्लाइओवर के पास पुलिस की बदमाश से मुठभेड़ हो गई।
पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान अजय ने फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान उसके पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
दिल्ली से चोरी की गई स्कूटी बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से दिल्ली से चोरी की गई स्कूटी भी बरामद की है। पुलिस का कहना है कि अजय अपने गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर घरों में चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देता था।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और उसके द्वारा की गई वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अजय उर्फ रामनिवास के खिलाफ चोरी और लूट से संबंधित एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और बरामद स्कूटी को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जांच की जा रही है।


























