संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। थाना दादरी पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी दर्शन पुत्र राकेश निवासी ग्राम रिठौरी, थाना दादरी, गौतमबुद्धनगर को उसके निवास से गिरफ्तार किया।
मारपीट और फायरिंग की मिली थी शिकायत
पुलिस के मुताबिक, 27 अगस्त 2024 को वादी की ओर से थाना दादरी में तहरीर दी गई थी। शिकायत में बताया गया था कि उसके पोते के साथ अज्ञात लोगों ने मारपीट और गाली-गलौज की। आरोप है कि इस दौरान पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी गई तथा एक व्यक्ति द्वारा फायर किया गया।
शिकायत के आधार पर थाना दादरी पुलिस ने संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत करते हुए मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
विवेचना में सामने आए आरोपियों के नाम
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस को आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। जांच में प्रशान्त उर्फ कल्लन पुत्र सतपाल सिंह निवासी ग्राम समाउद्दीनपुर, थाना दादरी, गौतमबुद्धनगर तथा दर्शन पुत्र राकेश निवासी ग्राम रिठौरी, थाना दादरी, गौतमबुद्धनगर के नाम प्रकाश में आए।
इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए।
लोकल इंटेलिजेंस की सूचना पर आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को थाना दादरी पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस एवं गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मामले में प्रकाश में आए आरोपी दर्शन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को उसके निवास स्थान से हिरासत में लिया।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। मामले में शामिल अन्य आरोपी के संबंध में भी पुलिस द्वारा जांच और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

























