UP News: लखनऊ के गोमती नदी किनारे स्थित प्रेरणास्थल में भाजपा के शक्तिकेंद्र संयोजकों के एक विशाल सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस रणनीतिक बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने कार्यकर्ताओं की नसीहतत की। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए जमीनी स्तर पर पार्टी की नींव को मजबूत करना था।
बूथ स्तरीय रणनीति पर योगी का जोर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन की शुरुआत ‘सियावर राम चंद्र की जय’ और ‘योगेश्वर श्रीकृष्ण की जय’ से की। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी चुनाव का सबसे महत्वपूर्ण केंद्र बूथ होता है। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी का बूथ कमजोर है, तो जीत की कल्पना करना व्यर्थ है, लेकिन जैसे ही बूथ मजबूत होगा, चुनाव के परिणाम स्वभाविक रूप से भाजपा के पक्ष में आएंगे।
उन्होंने पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए बताया कि किस तरह से मजबूत शक्तिकेंद्रों की वजह से वहां भाजपा ने ऐतिहासिक सफलता हासिल की। योगी ने कहा कि बंगाल को एक समय घुसपैठियों का अड्डा और अराजकता का गढ़ माना जाता था, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं को बलिदान भी देने पड़े, लेकिन शक्तिकेंद्र की मजबूती ने वहां जीत सुनिश्चित की।
पार्टी की विचारधारा और ऐतिहासिक विरासत पर जोर
अपने भाषण में मुख्यमंत्री योगी ने पार्टी की विचारधारा को समझाते हुए दीन दयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया। उन्होंने कहा कि आज अगर बंगाल में हिंदू सुरक्षित हैं, तो इसका श्रेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के संघर्ष को जाता है। इसी तरह, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने की प्रेरणा भी उन्हीं से ली गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कल्याणकारी योजनाओं की बुनियाद अंत्योदय के प्रवर्तक दीन दयाल उपाध्याय के विचारों में है, जबकि भ्रष्टाचारमुक्त और स्थिर सुशासन का मॉडल अटल जी की देन है।
उत्तर प्रदेश के बदले हुए स्वरूप पर प्रकाश
मुख्यमंत्री योगी ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘नए भारत’ के निर्माण और सुरक्षा के मॉडल की सराहना की। उन्होंने यूपी के विकास को रेखांकित करते हुए कहा कि आज यूपी देश का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है। विंध्यवासिनी, नैमिषारण्य और मथुरा जैसे धार्मिक स्थलों का विकास इसका जीता-जागता उदाहरण है। उन्होंने 2017 से पहले की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उस दौर में सरकारें माफियाओं के इशारों पर काम करती थीं और राज्य की संपत्तियों को लूटा जाता था, जबकि आज की सरकार देश की सुरक्षा के लिए ‘ब्रह्मोस’ मिसाइल जैसी अत्याधुनिक तकनीक का निर्माण कर रही है।
विपक्ष पर तीखा हमला
मुख्यमंत्री योगी ने सपा और कांग्रेस पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को भाजपा के विकास मॉडल से गहरी चिंता है, क्योंकि उनकी जातिवाद और भेदभाव पर आधारित राजनीति अब खत्म हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष अपने वोट बैंक को साधने के लिए ‘लैंड जिहाद’ और ‘लव जिहाद’ जैसे मुद्दों का समर्थन करता है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को कारसेवकों पर गोली चलाने में कोई दिक्कत नहीं है, वे आज देश की आस्था पर हमला बोल रहे हैं। योगी ने कार्यकर्ताओं को इन ताकतों से सतर्क रहने की चेतावनी दी।
केशव प्रसाद मौर्य का ‘साइकिल पंक्चर’ वाला बयान
इस मंच पर बोलते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने तीखे शब्दों में सपा पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने 9 साल के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश को 90 साल आगे बढ़ा दिया है, जिससे विपक्ष पूरी तरह से बौखला गया है।
मौर्य ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि 2027 के चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) की साइकिल को पंक्चर करके उसे सीधे सैफई भेज दिया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की, “जाइए, सब कुछ भूल जाइए, बस नरेंद्र मोदी और कमल का फूल याद रखिए।” उन्होंने यह भी कहा कि 2017 से भी बड़ी जीत का संदेश इसी प्रेरणा स्थल से जाएगा।
ब्रजेश पाठक ने महिलाओं और किसानों पर बनाई रणनीति
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विपक्ष की ‘झूठी महिला हितैषी’ छवि को ध्वस्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की महिलाएं आज भाजपा के साथ पूरी तरह से एकजुट हैं और 2027 में वहीं सपा-कांग्रेस को राज्य से खदेड़ देंगी। उन्होंने किसानों के हितों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले किसी ने सोचा भी नहीं था कि किसानों को पेंशन मिलेगी, लेकिन भाजपा सरकार ने किसानों को 6 हजार रुपये की पेंशन देकर इतिहास बनाया है। पाठक ने पूर्ववर्ती सपा सरकार के दौर को याद करते हुए कहा कि जहां एक समय गुंडों और माफियाओं के कारण आम जनता का जीना मुश्किल था, वहीं आज योगी राज में ये माफिया भयभीत होकर जेल के अंदर या राज्य से बाहर भागने पर मजबूर हैं।























