बलिया में गोंगपा की नई टीम घोषित, जानिए किसे मिली जिम्मेदारी

बलिया के शंकरपुर स्थित गोंडवाना भवन में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का जिला सम्मेलन आयोजित हुआ। इसमें 27 सदस्यीय जिला कमेटी गठित कर सुरेश शाह को जिलाध्यक्ष और परशुराम खरवार को जिला सचिव चुना गया।

सुरेश शाह बने जिलाध्यक्ष, परशुराम खरवार को मिली अहम जिम्मेदारी

HIGHLIGHTS

  • बलिया में गोंगपा का बड़ा संगठनात्मक फैसला, नई टीम तैयार
  • एक लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य, गोंगपा ने शुरू की तैयारी
  • विधानसभा चुनाव में दम दिखाएगी गोंगपा, नेताओं ने किया ऐलान
  • बलिया जिला सम्मेलन में चुने गए नए पदाधिकारी, पूरी सूची

शंकरपुर स्थित गोंडवाना भवन में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का जिला सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में संगठन को मजबूत करने और जिले में पार्टी का विस्तार करने के उद्देश्य से 27 सदस्यीय जिला कमेटी गठित की गई। इसमें सुरेश शाह को जिलाध्यक्ष और परशुराम खरवार को जिला सचिव चुना गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों और सदस्यों को पार्टी संगठन तथा जनसेवा के प्रति निष्ठा और समर्पण की शपथ दिलाई गई।

सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष सुक्खू सिंह मरावी और प्रदेश महासचिव गोपाल जी खरवार ने संयुक्त रूप से नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा करते हुए कहा कि पार्टी चुनाव में मजबूती से अपना प्रत्याशी उतारेगी। इसके लिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अभी से गांव-गांव जाकर संगठन का संदेश पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई।

27 सदस्यीय जिला कमेटी में इन्हें मिली जिम्मेदारी

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की बलिया जिला कमेटी में बच्चालाल गोंड को वरिष्ठ उपाध्यक्ष और अच्छेलाल गोंड को जिला उपाध्यक्ष बनाया गया। त्रिलोकी गोंड को सहसचिव तथा श्रीपति गोंड और हरिशंकर गोंड को जिला संगठन मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। एडवोकेट अशोक गोंड को कानूनी सलाहकार चुना गया।

जिला संरक्षक मंडल में जीउत जी गोंड, सुमेर गोंड, बरमेश्वर गोंड, कन्हैया गोंड, श्रीभगवान गोंड और शिवसागर गोंड को शामिल किया गया। सम्मेलन में जिले की तहसील इकाइयों के लिए भी अध्यक्ष चुने गए। संजय गोंड को बलिया, उमाशंकर गोंड को बांसडीह, जगलाल गोंड को रसड़ा, गोविंद गोंड को सिकंदरपुर और छोटन गोंड को बैरिया तहसील इकाई का अध्यक्ष बनाया गया।

जिला कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शंकर गोंड, अशोक गोंड, राजीनंद गोंड, ओमप्रकाश गोंड, दीपक गोंड, भरत गोंड, वशिष्ठ गोंड, अमृत राज गोंड और भिखारी गोंड चुने गए।

गांव-गांव सदस्यता अभियान चलाने का आह्वान

प्रदेश अध्यक्ष सुक्खू सिंह मरावी और प्रदेश महासचिव गोपाल जी खरवार ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने भ्रष्टाचार मुक्त और रोजगार युक्त भारत के निर्माण को पार्टी के प्रमुख उद्देश्यों में बताया। वक्ताओं ने भारतीय संविधान की उद्देशिका में उल्लिखित सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक न्याय को पूरी तरह लागू कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

नेताओं ने कहा कि गोंडवाना गणतंत्र पार्टी आर्थिक गणतंत्र की स्थापना के मिशन के साथ काम कर रही है। इस उद्देश्य को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सदस्यता अभियान को तेज करने और बूथ स्तर पर कमेटियों का गठन करने की जरूरत है। सम्मेलन में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।

एक लाख सक्रिय सदस्य बनाने का लक्ष्य

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सुरेश शाह और जिला सचिव परशुराम खरवार ने संगठन को मजबूत करने की योजना साझा की। उन्होंने जिला कमेटी के सदस्यों के समक्ष गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के एक लाख सक्रिय सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा। दोनों पदाधिकारियों ने कहा कि जिले में पार्टी का आधार बढ़ाने, कार्यकर्ताओं को जोड़ने और संगठन की इकाइयों को सक्रिय करने के लिए अभियान चलाया जाएगा।

सम्मेलन में राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अरविंद गोंडवाना ने आयोजन की सफलता पर उपस्थित लोगों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने एक नवंबर को वाराणसी के कचहरी स्थित शास्त्री घाट पर होने वाली आदिवासी अधिकार रैली में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। रैली का नेतृत्व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं विधायक तिरु तुलेश्वर सिंह मरकाम करेंगे। अरविंद गोंडवाना ने कहा कि संवैधानिक अधिकारों की रक्षा और लोकतांत्रिक आंदोलन को मजबूत करने के लिए लोगों की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now