UP News: गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें पावन प्रकाश पर्व पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिख गुरुओं को भावपूर्ण नमन किया। मंगलवार, 24 नवंबर को लखनऊ में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि जब तक देशवासी सिख गुरुओं के प्रति श्रद्धा और आदर का भाव बनाए रखेंगे, विश्व की कोई भी शक्ति भारत का बाल बांका नहीं कर पाएगी। उन्होंने गुरु साहिबान के त्याग, तपस्या, बलिदान और आध्यात्मिक चेतना को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता व सांस्कृतिक गौरव की अमूल्य विरासत बताया।
सिख गुरुओं की शिक्षाएं आज भी उतनी ही जीवंत
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने ‘एक ओंकार’ के मार्गदर्शन से संपूर्ण मानवता को एक सूत्र में पिरोने का संदेश दिया। उनकी वाणी आज भी उतनी ही प्रासंगिक है, जितनी उनके अपने दौर में थी। उन्होंने कहा कि गुरु की वाणी को केवल आयोजनों तक सीमित न रखकर अपने आचरण में उतारना ही असली श्रद्धांजलि है, और इन विचारों को नई पीढ़ी तक लगातार पहुंचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। इतने भव्य उत्साह के बीच प्रकाश पर्व मनाने को उन्होंने अपने लिए सौभाग्य का क्षण कहा।
कार्तिक पूर्णिमा पर तीर्थस्थलों पर उमड़ा आस्था का सैलाब
मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि वे प्रातः चार बजे से ही प्रदेश के प्रमुख स्नान स्थलों पर श्रद्धालुओं की संख्या और व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे थे। मुजफ्फरनगर के शुकतीर्थ पर मां गंगा में लाखों श्रद्धालु डुबकी लगा रहे हैं। हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में सुबह से लगभग 15 लाख और अमरोहा के तिगरी में भी 15 लाख से अधिक श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। प्रयागराज, फर्रुखाबाद, अयोध्या और काशी में भी श्रद्धालुओं का बड़ा जमावड़ा रहा।
काशी में विश्वप्रसिद्ध देव दीपावली का मंच भी सजा, जहां घाटों पर लाखों दीप प्रज्ज्वलित होंगे। मान्यता है कि भगवान शिव ने इसी तिथि को त्रिपुरासुर का वध कर धरती को आतंक मुक्त किया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी पवित्र दिन मानवता को अज्ञान के अंधकार से निकालकर ज्ञान का मार्ग दिखाने वाले गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व भी मनाया जाता है।
बंटे समाज को जोड़ने वाली ताकत
मुख्यमंत्री योगी ने गुरु नानक जी के दौर की सामाजिक स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि तत्कालीन समाज जातिवाद, छुआछूत और अस्पृश्यता जैसी विसंगतियों से घिरा था, वहीं विदेशी आक्रमणों की चुनौतियां भी लगातार बनी रहती थीं। ऐसे ही कठोर समय में गुरु साहिब ने ‘एक ओंकार’ का संदेश देकर मानवता की धुरी बनने का काम किया।
उन्होंने कहा कि गुरु नानक जी का स्पष्ट संदेश था ईश्वर एक है और हम सभी उसी की संतान हैं, इसलिए हर इंसान समान सम्मान का हकदार है। सीमित साधनों के बावजूद उन्होंने देश-विदेश की लंबी उदासीयां कर मानवता, समानता और आध्यात्मिक चेतना का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
नाम जपो, कीरत करो, वंड छको जीवन का अटूट सूत्र
गुरु नानक देव जी के तीन प्रमुख सिद्धांतों का अर्थ समझाते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि नाम स्मरण, कीर्तन और सामूहिकता मनुष्य के भीतर सकारात्मक ऊर्जा भरते हैं, जिससे अज्ञानता दूर होती है और समाज में एकता जागती है। उन्होंने गोस्वामी तुलसीदास की प्रसिद्ध पंक्ति ‘श्रद्धावान् लभते ज्ञानम्’ का उल्लेख कर श्रद्धा को ज्ञान की सीढ़ी बताया।
‘वंड छको’ पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इसका तात्पर्य है, कोई भी इंसान उपेक्षित न रहे, सब मिल-बांटकर भोजन करें। गुरुद्वारों की लंगर परंपरा आज भी इसी विचार को जीवंत रखे हुए है, जहां पंगत में जाति, पंथ या मजहब का कोई भेदभाव नहीं होता। उन्होंने लंगर को सेवा, समानता और मानवीय संवेदना का अनुपम प्रतीक करार दिया।
सच्ची आध्यात्मिकता अन्याय के खिलाफ खड़े होने का साहस देती है
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने आध्यात्मिकता को महज निजी साधना या आत्मकल्याण तक सीमित नहीं रखा, बल्कि अन्याय के सामने निर्भीक स्वर से खड़े होने की प्रेरणा से जोड़ा। अत्याचार के आगे मौन रह जाना सच्ची आध्यात्मिकता नहीं कहला सकता। बाद के कालखंड में गुरु तेग बहादुर जी का सर्वोच्च बलिदान, गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का संघर्ष और चारों साहिबजादों की शहादत इसी चेतना की देन है। स्वतंत्रता आंदोलन में सिख वीरों और क्रांतिकारियों का योगदान भी इसी परंपरा का विस्तार है।
लखनऊ की पहल, अब पूरे देश की पहचान
मुख्यमंत्री योगी ने चारों साहिबजादों — बाबा अजीत सिंह जी, बाबा जुझार सिंह जी, बाबा जोरावर सिंह जी और बाबा फतेह सिंह जी — को नमन करते हुए कहा कि इन्होंने अल्प आयु में ही धर्म और आदर्शों की रक्षा के लिए असहनीय यातनाएं झेलीं, लेकिन विदेशी हुकूमत के सामने कभी सिर नहीं झुकाया। उनकी अडिग निष्ठा हर भारतीय के लिए गौरव और प्रेरणा है।
उन्होंने बताया कि लखनऊ के गुरुद्वारों के सहयोग से चारों साहिबजादों की स्मृति में 26 दिसंबर को ‘वीर बाल दिवस’ आयोजित करने की पहल शुरू हुई। सात साल पहले मुख्यमंत्री आवास में 550वें प्रकाश पर्व का आयोजन हुआ था और तब से वहां वीर बाल दिवस के कार्यक्रम नियमित रूप से होते हैं। उन्होंने खुशी जताई कि यह पहल आज राष्ट्रीय स्वरूप ले चुकी है और देशभर में प्रतियोगिताओं के जरिए युवाओं को साहिबजादों के बलिदान से अवगत कराया जा रहा है।
ननकाना साहिब और करतारपुर साहिब की यात्रा की कामना
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सिख गुरुओं की आध्यात्मिक चेतना किसी एक प्रदेश तक सीमित नहीं थी, उन्होंने देश के कोने-कोने से लेकर सीमाओं के पार तक पैदल यात्राएं कर देश, धर्म और मानवता के समर्पण की मिसाल पेश की। उन्होंने कामना व्यक्त की कि लखनऊ के श्रद्धालु ननकाना साहिब और करतारपुर साहिब जाकर बड़े आयोजनों का हिस्सा बनने का सौभाग्य पाएं।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री क्षेत्र के मंत्री बलदेव सिंह औलख, मुख्य ग्रंथी अमृतसर ज्ञानी केवल सिंह, यूपी अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सरदार परविंदर सिंह समेत गुरुद्वारा यहियागंज व गुरुद्वारा नाका हिंडोला के सेवादार, पदाधिकारी और पार्षद गणमान्य रूप से उपस्थित रहे।



























