PM Modi Rally Assam: असम विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर भाजपा ने अपना चुनावी अभियान तेज कर दिया है। पार्टी के शीर्ष प्रचारक और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक अप्रैल से मैदान में उतरेंगे। पार्टी सूत्रों ने बुधवार को जानकारी दी कि प्रधानमंत्री मोदी इस दौरान राज्य में दो बड़ी जनसभाओं को संबोधित करेंगे, जिससे चुनावी माहौल में ऊर्जा का संचार होगा।
बिहपुरिया और गोहपुर में रैलियां
बता दें कि पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी सबसे पहले लखीमपुर जिले के बिहपुरिया में रैली करेंगे। इसके तुरंत बाद वे गोहपुर में दूसरी जनसभा को संबोधित करेंगे। दोनों ही सीटें राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण मानी जाती हैं। पार्टी का मानना है कि प्रधानमंत्री का यह दौरा खासतौर पर ऊपरी असम में कार्यकर्ताओं में जोश भरने और मतदाताओं को साधने में अहम भूमिका निभाएगा।
‘विकास’ होगा मुख्य मुद्दा
प्राप्त जानकारी के मुताबिक एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि दोनों स्थानों पर भारी भीड़ जुटाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। वरिष्ठ नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का दौरा हमारे अभियान को बड़ा बल देगा। कार्यकर्ताओं और जनता में जबरदस्त उत्साह है। हमें विश्वास है कि इन रैलियों से राज्य में हमारी स्थिति और मजबूत होगी। रैलियों के दौरान भाजपा केंद्र और राज्य सरकार की ओर से किए गए विकास कार्यों को प्रमुखता से जनता के सामने रखेगी। पार्टी का कहना है कि इंफ्रास्ट्रक्टर विकास से लेकर कल्याणकारी योजनाओं तक, पिछले कुछ वर्षों में असम ने अभूतपूर्व प्रगति की है। प्रधानमंत्री की रैलियां ‘विकास और स्थिरता’ के संदेश को मजबूत करेंगी।
यह भी पढ़ें : हरीश राणा का अंतिम संस्कार, परिवार ने किया अंगदान
एकजुटता का संदेश और सुरक्षा इंतजाम
बता दें कि पार्टी सूत्रों ने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में सहयोगी दलों के नेता भी चुनाव प्रचार में शामिल हो सकते हैं, जिसका उद्देश्य गठबंधन की एकजुटता का संदेश देना है। सत्तारूढ़ पार्टी इस बार मजबूत बहुमत के साथ सत्ता बरकरार रखने के लक्ष्य के साथ मैदान में है। इस बीच, प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को देखते हुए दोनों स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। राज्य पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूरी तरह तैयार हैं। बता दें कि 126 सदस्यीय असम विधानसभा के लिए मतदान 9 अप्रैल को एक चरण में होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी।

























