नोएडा पुलिस ने पकड़ा नाइजीरियन साइबर ठग, 15 महिलाएं बनी शिकार

नोएडा पुलिस ने पकड़ा 'इंटरनेशनल लव रैट'

Noida News : साइबर अपराध की दुनिया में ‘प्रेम’ को हथियार बनाकर करोड़ों की ठगी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह का बड़ा खुलासा नोएडा पुलिस ने किया है। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने एक ऐसे ठग को गिरफ्तार किया है, जिसने मैट्रिमोनियल साइट्स और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते हुए 15 से अधिक महिलाओं को अपना शिकार बनाया। आरोपी ने शादी का झांसा देकर महिलाओं से भावनात्मक जुड़ाव बनाया और फिर उन्हें आर्थिक रूप से लूटा।

कौन है आरोपी?

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान सैमुअल औगुन उर्फ स्टेफनी डेरिक के रूप में हुई है। यह आरोपी मूल रूप से नाइजीरिया के बेनिन सिटी का रहने वाला है। पुलिस ने उसे फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है। उसके पास से कई फर्जी पासपोर्ट बरामद हुए हैं, जो अलग-अलग देशों में अपनी पहचान छिपाकर अपराध करने की साजिश का खुलासा करते हैं।

ठगी का आधुनिक ‘मॉड्यूल’

डीसीपी साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने बताया कि आरोपी का तरीका बेहद चालाक था। वह मैट्रिमोनियल साइट्स पर खुद को ‘विदेशी बिजनेसमैन’ के रूप में पेश करता था। कई फर्जी प्रोफाइल बनाकर वह महिलाओं का भरोसा जीतता था और फिर शादी का वादा कर उन्हें अपने जाल में फंसा लेता था। वह महिलाओं से कहता था कि वह भारत आकर बस जाएगा और शादी करेगा।

‘गिफ्ट’ और ‘कस्टम’ का झांसा

जब पीड़ित महिलाएं पूरी तरह से उसके वश में हो जाती थीं, तो वह अपना असली चेहरा दिखाता था। वह महिलाओं को बताता था कि उसने विदेश से उनके लिए महंगे गिफ्ट या पार्सल भेजे हैं, जो कस्टम विभाग में फंस गए हैं। इन पार्सल्स को छुड़ाने के लिए वह बार-बार पैसे मंगवाता था। भावनाओं में फंसीं महिलाएं अनजाने में लाखों-करोड़ों रुपए उसे ट्रांसफर कर देती थीं।

यह भी पढ़ें : नोरा फतेही के खिलाफ फतवे के बीच, जानें फतवों के अजीबोगरीब दायरे

करोड़ों का घाटा

पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अकेले दो महिलाओं से ही करीब 1.82 करोड़ रुपए की ठगी की है। एक पीड़िता को 56.46 लाख रुपए का चूना लगाया, जबकि दूसरी महिला से वह 1.26 करोड़ रुपए ठग चुका है। पुलिस को डर है कि जांच आगे बढ़ने पर ठगी की रकम और बढ़ सकती है। आरोपी ने कम से कम 15 महिलाओं को अपना शिकार बनाया है।

फर्जी लोन का भी था धंधा

पूछताछ में आरोपी ने यह भी स्वीकार किया है कि वह प्रेम जाल से परे, फर्जी लोन दिलाने के नाम पर भी लोगों को निशाना बनाता था। कम ब्याज दर पर लोन दिलाने का झांसा देकर वह लोगों से प्रोसेसिंग फीस और अन्य नामों पर पैसे ऐंठ लेता था।

पुलिस की कार्रवाई और सलाह

पुलिस ने आरोपी के पास से लैपटॉप, टैबलेट और कई फर्जी दस्तावेज जब्त किए हैं, जिनमें साइबर अपराध के सबूत मिले हैं। पुलिस ने जनता से अपील की है कि मैट्रिमोनियल साइट्स या सोशल मीडिया पर किसी अनजान व्यक्ति से आर्थिक लेनदेन करने से पहले उसकी पृष्ठभूमि की जांच जरूर करें। किसी भी संदिग्ध प्रोफाइल या मांग पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।

Sandhya Samay News

संध्या समय न्यूज़ – आपके विश्वास की आवाज़ संध्या समय न्यूज़ की स्थापना वर्ष 2018 में की गई, जो कि MSME में विधिवत रूप से पंजीकृत है। हमारा उद्देश्य समाज तक सटीक, निष्पक्ष और भरोसेमंद समाचार पहुँचाना है। हम देश-प्रदेश की ताज़ा खबरों, सामाजिक मुद्दों, और जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को आपके सामने सरल और स्पष्ट रूप में प्रस्तुत करते हैं। हम अपने सभी दर्शकों और पाठकों का दिल से आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने हमें लगातार देखा, समझा और अपना विश्वास बनाए रखा। आपकी यही सराहना और समर्थन हमें और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। संध्या समय न्यूज़ हमेशा सत्य, निष्पक्षता और जनसेवा के मूल्यों पर कार्य करता रहेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now