Noida News: भारतीय संस्कृति में स्वास्थ्य, संस्कार और सेवा को जीवन का सर्वोपरि आधार माना गया है। इसी पावन भावना को आत्मसात करते हुए भारत विकास परिषद, नोएडा द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के शुभ अवसर पर श्री जी गौ सदन, सेक्टर-94, नोएडा में एक भव्य, बहुआयामी और अत्यंत सफल कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रातः 8:00 बजे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह से हुआ। योग प्रशिक्षक श्री अमरदीप ने उपस्थित जनसमूह को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व से अवगत कराया। संस्कार संयोजक श्री अजय अग्रवाल एवं कार्यक्रम संयोजक श्री रामरतन शर्मा के मार्गदर्शन में योग सत्र अत्यंत गरिमामय एवं प्रेरणादायी वातावरण में सम्पन्न हुआ।
गौ संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम
भारतीय संस्कृति में सनातन जीवन मूल्यों का केंद्र बिंदु गौ माता को माना गया है। इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, गौ सदन में निराश्रित गौ वत्स (वछिया एवं बछड़ों) के सुरक्षित और सुगम आवास हेतु एक नए वाड़े के निर्माण का भूमि पूजन पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न किया गया। इस पुनीत सेवा परियोजना के मुख्य संयोजक श्री विपिन मल्हन, दीपक गौतम एवं एनके अग्रवाल रहे। इस पावन वेला में मातृशक्ति ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अनुष्ठान को पूर्ण किया।
निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर
परिषद का उद्देश्य केवल आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना जगाना ही नहीं, बल्कि समाज के हर तबके को शारीरिक रूप से भी स्वस्थ बनाना है। इसी उद्देश्य के साथ नोएडा डायबिटिक फोरम के विशेष सहयोग से एक विशाल निःशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जाँच शिविर लगाया गया।
विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा न केवल जाँच की गई, बल्कि मरीजों को उचित खान-पान, दिनचर्या और दवाओं के संबंध में निःशुल्क परामर्श और बहुमूल्य मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। स्थानीय नागरिकों और परिषद के सदस्यों ने भारी संख्या में पहुँचकर इस शिविर का लाभ उठाया।
विशिष्ट अतिथियों का आगमन
इस त्रिआयामी समागम में शहर की कई जानी-मानी हस्तियों और राजनेताओं ने शिरकत की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में महेश चौहान (जिलाध्यक्ष, महानगर नोएडा) एवं संजय बाली (सांसद प्रतिनिधि) उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने भारत विकास परिषद के इन सेवा कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की और कहा कि समाज को वैचारिक और शारीरिक रूप से सुदृढ़ बनाने में परिषद का योगदान अनुकरणीय है।
कार्यक्रम के दौरान और समापन के उपरांत, उपस्थित सभी अतिथियों, प्रबुद्ध नागरिकों और मातृशक्ति के लिए CA आर.के. अग्रवाल के सौजन्य से उत्कृष्ट आतिथ्य सत्कार की व्यवस्था की गई थी। सभी के लिए चाय, पौष्टिक नाश्ता और अत्यंत सात्विक भोजन/प्रसाद का प्रबंध किया गया, जिसे सभी ने बड़े चाव और तृप्ति के साथ ग्रहण किया।






















