दिल्ली में एमसीडी निगम कानून में आ रहे हैं बड़े बदलाव

दिल्ली नगर निगम का ऐतिहासिक कदम

Delhi News : दिल्ली नगर निगम (MCD) ने राजधानी के निवासियों और व्यापारियों को बड़ी राहत देते हुए निगम कानून में व्यापक सुधार का प्रस्ताव तैयार किया है। दिल्ली नगर निगम अधिनियम, 1957 में प्रस्तावित इन संशोधनों के बाद अब छोटे और तकनीकी उल्लंघनों पर आपराधिक मुकदमा (क्रिमिनल केस) नहीं चलाया जाएगा। इस कदम को ‘सरल जीवनयापन’ (Ease of Living) और ‘व्यापार में आसानी’ (Ease of Doing Business) को बढ़ावा देने वाला ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। MCD के एक आधिकारिक बयान के अनुसार, निगम द्वारा अपनी प्रशासनिक व्यवस्था को और ज्यादा पारदर्शी एवं व्यावहारिक बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है।

क्या है प्रस्तावित बदलाव?

इस नए प्रस्ताव के तहत छोटे-मोटे नियमों के उल्लंघन को अपराध की श्रेणी से बाहर कर दिया जाएगा। इससे आम नागरिकों को गैर-जरूरी कानूनी उलझनों, अदालत के चक्कर और सामाजिक अपमान से मुक्ति मिलेगी। साथ ही, प्रशासन पर भी पड़ने वाले बोझ में कमी आएगी। MCD का मानना है कि यह दंडात्मक व्यवस्था से हटकर एक सहयोगात्मक और अनुपालन-आधारित प्रणाली की ओर बढ़ने का एक महत्वपूर्ण कदम है।

छोटे मामलों में खत्म होगी जेल की नौबत

सबसे महत्वपूर्ण बदलाव यह है कि छोटे मामलों में कारावास के प्रावधानों को पूरी तरह से खत्म कर दिया जाएगा। अब अगर किसी व्यक्ति या व्यापारी से लाइसेंस या रोजगार से जुड़ी कोई छोटी गलती होती है, तो उसे जेल नहीं भेजा जाएगा, बल्कि उस पर तर्कसंगत आर्थिक दंड (जुर्माना) लगाया जाएगा। इससे विशेषकर छोटे कारोबारियों और व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी, जो अक्सर मामूली गलतियों पर जेल के डर में रहते थे।

पुराने और बेकार नियमों की होगी छंटनी

इस संशोधन के तहत अधिनियम में मौजूद उन पुराने प्रावधानों को हटाने की योजना बनाई गई है, जिनका जुर्माना बेहद कम है या जो वर्तमान समय में पूरी तरह से अप्रभावी हो चुके हैं। MCD का कहना है कि ऐसे बेकार नियमों की अब कोई उपयोगिता नहीं बची है, इसलिए इन्हें हटाकर कानून को ज्यादा व्यावहारिक बनाया जाएगा।

यह भी पढ़ें : तमिलनाडु चुनाव 2026: ‘सी जोसेफ विजय’ बनकर मैदान में उतरेंगे सुपरस्टार विजय

लाइसेंसिंग प्रणाली होगी आसान

निगम ने लाइसेंसिंग प्रणाली को सरल बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया है। बाजार, खान-पान प्रतिष्ठान (रेस्टोरेंट, धाबा आदि) और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े नियमों को आसान बनाया जाएगा, ताकि व्यापारियों को रोजमर्रा में कोई परेशानी न हो।

बार-बार गलती करने वालों पर रहेगी सख्त कार्रवाई

हालांकि, MCD ने यह भी स्पष्ट किया है कि नियमों में ढील देने का मतलब अराजकता नहीं है। जो लोग बार-बार उल्लंघन करेंगे या गंभीर नियम तोड़ेंगे, उनके खिलाफ सख्त आर्थिक दंड का प्रावधान बरकरार रहेगा। इसका उद्देश्य कानून का सम्मान बनाए रखना और लोगों में जिम्मेदारी की भावना जगाना है।

न्यूनतम सरकार, अधिकतम शासन की ओर कदम

दिल्ली नगर निगम का मानना है कि इन सुधारों का मकसद सिर्फ कानूनी किताबों में बदलाव करना नहीं है, बल्कि एक भरोसेमंद और नागरिक-केंद्रित प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित करना है। ये कदम प्रधानमंत्री के ‘न्यूनतम सरकार, अधिकतम शासन’ (Minimum Government, Maximum Governance) के संकल्प को साकार करते हुए दिल्ली को एक बेहतर और व्यावसायिक रूप से अनुकूल शहर बनाने में मदद करेंगे।

Rishi Tiwari

ऋषी तिवारी (Rishi Tiwari) वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली एनसीआर में एपीएनएस न्यूज ऐजेंसी लंबे समय तक सेवाएं देने के पश्चात सेवानिवृत्त हुए। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ अपनी नई पत्रकारिता पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षो से से जुड़े रहकर निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ा रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now