Delhi News: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां सोमवार सुबह घर के बाहर चाय पी रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हैरान करने वाली बात यह है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को भी चाकू घोंककर घायल कर लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के इलाके को घेर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
ये था पूरा घटनाक्रम
मामला सीलमपुर के जे-ब्लॉक का है। मृतक की पहचान इस्माइल (65) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह इस्माइल अपने घर के बाहर गली में बैठकर चाय का आनंद ले रहे थे। तभी अचानक वहां दानिश नाम का एक युवक पहुंचा। कुछ देर तक दोनों में नजरें टकराईं और इसके बाद दानिश ने अपना आपा खो दिया। उसने चाकू निकालकर इस्माइल पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए।
हमला इतना अचानक और तेज था कि इस्माइल को कुछ समझ ही नहीं पाया। गली में मचे हड़कंप के बाद स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आरोपी ने खुद को मारा चाकू
इसी बीच खबर आई कि आरोपी दानिश भी खून से लथपथ अवस्था में अस्पताल पहुंचा है। जानकारी सामने आई कि बुजुर्ग की हत्या के बाद आरोपी ने खुद को भी चाकू से घायल कर लिया। हालांकि, उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल पहुंचा। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिन्होंने खून से सने घटनास्थल की तस्वीरें खींचीं और साक्ष्य जुटाए। आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि पूरे वारदात को कैमरे में कैद किया गया हो तो उसे स्पष्ट किया जा सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुरानी रंजिश निकला कारण
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस घटना के पीछे पुरानी रंजिश है। मृतक इस्माइल और आरोपी दानिश पहले से आपसी विवाद में चल रहे थे, जिसके चलते यह खौफनाक कदम उठाया गया। हालांकि, पूरे मामले की हकीकत का पता लगाने के लिए पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
मृतक की बेटी मेहजाबी ने बताया कि अभी पुलिस की प्राथमिकता आरोपी का इलाज करवाना है। जैसे ही दानिश डॉक्टरों की निगरानी से बाहर आएगा, पुलिस उससे कड़ाई से पूछताछ करेगी ताकि हत्या की सच्ची वजह और षड्यंत्र (यदि कोई हो) का पर्दाफाश किया जा सके।





















