Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में आज सोमवार को एक बड़ी विमान दुर्घटना की खबर सामने आई है। यहां एक प्राइवेट चार्टर्ड प्लेन अचानक आरा पहाड़ियों से टकरा गया और दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर आग लग गई और धुएं का गुबार उठता देखा गया। फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि विमान में कितने लोग सवार थे।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, यह हादसा जशपुर के नारायणपुर क्षेत्र के रतनपहली जंगल में हुआ। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, अचानक आसमान से यह निजी विमान नीचे आया और पहाड़ी इलाके में पेड़ों से टकराते हुए जमीन पर गिर गया। टक्कर इतनी भयानक थी कि क्रैश के तुरंत बाद ही विमान के पर्सों में आग की लपटें उठ गईं और आसमान में घना धुआं छा गया।
पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा
हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर जशपुर पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें तत्काल राहत-बचाव कार्य के लिए मौके के लिए रवाना हुईं। घने जंगल और पहाड़ी इलाका होने के कारण बचाव टीमों को मौके तक पहुंचने में कुछ दिक्कतें भी हो रही हैं।
सवारियों की संख्या अज्ञात
अभी तक सबसे बड़ा सवाल यही है कि विमान में कितने लोग मौजूद थे और उनकी जान का क्या हाल है। प्लेन के पूरी तरह से जल जाने के कारण शुरुआती तौर पर यह अनुमान लगाना मुश्किल हो गया है कि इसमें कोई शख्स बचा है या नहीं।















