Bengal Elections 2026: पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मियों के बीच राजनीतिक हिंसा का दर्दनाक मामला सामने आया है। दक्षिण 24 परगना के गोसाबा में रविवार देर रात टीएमसी (तृणमूल कांग्रेस) के एक कार्यकर्ता पर अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। गोली लगने से कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद से टीएमसी ने भाजपा (BJP) पर सीधा आरोप लगाते हुए माहौल खराब करने की साजिश का आरोप लगाया है, हालांकि अभी तक भाजपा की ओर से इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
कैसे हुई घटना?
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला रविवार रात करीब 11 बजे का है। शंभूनगर ग्राम पंचायत के भूपेंद्रपुर इलाके में टीएमसी कार्यकर्ता दिव्येंदु गायेन पार्टी संबंधी काम निपटाकर अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में घात लगाए बैठे कुछ अज्ञात हमलावरों ने उन पर अचानक फायरिंग कर दी। गोली सीधे दिव्येंदु के दाहिने जांघ में लगी, जिससे वह सड़क किनारे गिर पड़े और खून से लथपथ हो गए।
कोलकाता के अस्पताल में भर्ती किया गया घायल कार्यकर्ता
हमले के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तत्काल दिव्येंदु को उठाया और उन्हें कैनिंग सब-डिविजनल अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें तुरंत कोलकाता के चित्तरंजन नेशनल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया। वर्तमान में उनका इलाज चल रहा है और उनकी हालत पर डॉक्टरों की नजर बनी हुई है।
22 अप्रैल की रैली की तैयारी कर रहे थे दिव्येंदु
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, दिव्येंदु गायेन पार्टी के एक काफी सक्रिय कार्यकर्ता हैं। 22 अप्रैल को गोसाबा में टीएमसी उम्मीदवार सुब्रता मंडल के समर्थन में एक बड़ी राजनीतिक सभा आयोजित की जानी है। रविवार शाम को इसी रैली की तैयारियों और प्रचार को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक हुई थी, जिसमें दिव्येंदु शामिल हुए थे। इसी बैठक से लौटते वक्त उन्हें निशाना बनाया गया।
टीएमसी ने लगाया ‘राजनीतिक साजिश’ का आरोप
हमले के बाद टीएमसी नेताओं में गुस्सा देखा जा रहा है। पार्टी के नेताओं का स्पष्ट कहना है कि चुनाव से ठीक कुछ दिन पहले यह हमला कोई आम वारदात नहीं, बल्कि एक राजनीतिक साजिश के तहत किया गया है। टीएमसी ने इसके पीछे विपक्षी दल भाजपा का हाथ होने का आरोप लगाया है। हालांकि, भाजपा की ओर से इस मामले में अभी तक चुप्पी है और कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
इलाके में तनाव, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों में डर और गुस्सा दोनों देखा जा रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके की नाकेबंदी कर दी है और सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है। पुलिस हमलावरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगालने और स्थानीय लोगों से पूछताछ करने में जुट गई है। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि हमलावरों ने फायरिंग किस हथियार से की थी और वे फरार किस दिशा में हुए। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

















