Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा स्थित शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में बीती रात एक भयावह आग लग गई। बता दें कि आग इतनी विकराल थी कि इसकी लपटें काफी दूर से दिखाई दे रही थीं। हालांकि, बड़ी राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी व्यक्ति की जान का नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन आग में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
आग लगने का कारण और फैलाव
बता दें कि आग बीती रात करीब 10:15 बजे एक प्लास्टिक की फर्नीचर दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी और जहां आग लगी यह इलाका फर्नीचर मार्केट का था और जिसके कारण आग पलक झपकते ही पास-पास की दुकानों में फैल गई। देखते ही देखते आग ने करीब 8 से 10 दुकानों को अपने आगोश में ले लिया। आग लगते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोग दहशत में आ गए।
बचाव अभियान: 30 गाड़ियों ने पाया काबू
बता दें कि स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी और सूचना मिलते ही मौके पर दमकल की टीमें पहुंचीं। आग की तीव्रता को देखते हुए जिले की अन्य गाड़ियों के साथ-साथ गाजियाबाद से भी दमकल की गाड़ियों को बुलाया गया। बचाव अभियान के दौरान कुल 30 दमकल गाड़ियों को मौके पर लगाया गया।
चीफ फायर अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि आग काफी भीषण थी। हमारी 6 टीमों ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद एक घंटे से भी कम समय में आग पर काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि प्लास्टिक और फर्नीचर होने के कारण आग तेजी से फैली, लेकिन त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
नुकसान और मौजूदा हालात
इस आगजनी में करीब आठ से दस दुकानें पूरी तरह से जलकर खाक हो गई हैं। दुकानदारों का लाखों रुपये का सामान आग में नष्ट हो गया है। हालांकि, पुलिस और फायर ब्रिगेड की सतर्कता और कड़ी मेहनत की वजह से किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई।
फिलहाल, आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है और मौके पर कूलिंग (ठंडा करने) की प्रक्रिया चलाई जा रही है ताकि दोबारा आग न लगे। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुट गई है।






















