Ophiocordyceps unilateralis: हॉलीवुड की जॉम्बी फिल्में देखकर लगता है कि ये सिर्फ कल्पना है, लेकिन दुनिया के घने उष्णकटिबंधीय जंगलों में यह हकीकत हर रोज़ चलती है। यहां एक ऐसी फंगस मौजूद है, जो चींटी के शरीर पर कब्जा करके उसे ज़िंदा ‘जॉम्बी’ में बदल देती है। इसका नाम है ओफियोकोर्डिसेप्स यूनिलैटरलिस (Ophiocordyceps unilateralis)। यह परजीवी चींटी को घर छोड़ने पर मजबूर करता है, उसके जबड़ों को पत्ते में ‘लॉक’ कर देता है और आखिर में उसकी खोपड़ी फाड़कर बाहर निकल आता है। आइए समझते हैं इस डरावने ‘जॉम्बी इंफेक्शन’ की पूरी साइंस को।
जॉम्बी फंगस क्या है और कहां पाया जाता है?
ओफियोकोर्डिसेप्स यूनिलैटरलिस एक परजीवी फंगस है, जो अमेज़न, ब्राज़ील और थाईलैंड जैसे नम व गर्म जंगलों में पाया जाता है। इसका प्राकृतिक शिकार कारपेंटर एंट (Camponotus) प्रजाति की चींटियां हैं, वैज्ञानिकों के मुताबिक इसकी 35 से ज्यादा किस्में हैं, जबकि कीड़ों-मकोड़ों को शिकार बनाने वाले ऐसे ‘जॉम्बी फंगस’ की दुनियाभर में 600 से अधिक प्रजातियां दर्ज हो चुकी हैं। इसका एक ही मकसद है कि अपने स्पोर्स (बीजाणु) दूर-दूर फैलाकर नस्ल बढ़ाना।
इंफेक्शन की शुरुआत: स्पोर से शिकार तक का सफर
जॉम्बी इंफेक्शन तब शुरू होता है, जब हवा में तैरता स्पोर किसी चींटी के बाहरी कवच (एक्सोस्केलिटन) से चिपक जाता है। कुछ ही समय में यह विशेष एंजाइमों से कवच तोड़कर शरीर के अंदर घुस जाता है और खमीर जैसी कोशिकाओं के रूप में तेजी से फैलता है। रिसर्च बताती है कि पूरे शरीर पर कंट्रोल हासिल करने में फंगस को करीब 15 से 20 दिन लग सकते हैं। इस दौरान चींटी बाहर से बिल्कुल सामान्य दिखती है।
दिमाग नहीं, मांसपेशियों पर कब्जा
यही इस फंगस की सबसे हैरान करने वाली बात है। अमेरिका की पेन स्टेट यूनिवर्सिटी की टीम ने PNAS जर्नल में प्रकाशित रिसर्च में बताया कि यह फंगस चींटी के दिमाग में दाखिल नहीं होता। इसके बजाय यह पूरे शरीर सिर, धड़ और टांगों की मांसपेशियों के चारों ओर जाल जैसा नेटवर्क बुनकर उन्हें घेर लेता है। वैज्ञानिक इसे ‘पपेट ऑन स्ट्रिंग्स’ यानी डोर से बंधी कठपुतली जैसा बताते हैं. 2023 में eLife जर्नल में आई स्टडी ने पाया कि फंगस चींटी की मांसपेशियों के कैल्शियम सिग्नलिंग सिस्टम में दखल देकर उसके जबड़ों को कंट्रोल करता है। यानी दिमाग जिंदा रहता है, लेकिन ‘मशीन’ फंगस के हाथ में चली जाती है।
‘डेथ ग्रिप’: फंगस की आखिरी कमांड
इंफेक्शन पूरा होते ही फंगस चींटी को घोंसले से निकालकर अजीब सैर पर भेजता है। चींटी जमीन से लगभग 25 सेंटीमीटर (करीब 10 इंच) ऊंचाई पर किसी पौधे की पत्ती तक चढ़ती है और अपने जबड़ों से पत्ते की मुख्य नस को इतनी ज़ोर से कसकर पकड़ लेती है कि मौत के बाद भी जबड़े नहीं खुलते। इसी को ‘डेथ ग्रिप’ कहा जाता है, मजेदार बात यह कि फंगस चींटी को पत्ती की निचली सतह पर बिठाता है, ताकि बारिश में वह बह न जाए।
खोपड़ी फाड़कर बाहर निकलता है फंगस
चींटी की मौत के बाद फंगस उसके अंदर का खाना खत्म करता है और सिर के पिछले हिस्से से बाहर निकलना शुरू करता है। धीरे-धीरे उसकी लंबी डंठल जैसी संरचना (स्ट्रोमा) खोपड़ी फाड़कर ऊपर आ जाती है. अब यह मृत चींटी एक ‘लॉन्चपैड’बन चुकी है, जिससे फंगस नीचे बसी कॉलनी पर स्पोर्स की बारिश करता है यानी एक शिकार से अगली दर्जनों चींटियां शिकार बन सकती हैं।
मकड़ियों और झींगुरों पर भी हमला
यह डरावना खेल चींटियों तक सीमित नहीं है, कॉर्डीसेप्स परिवार की कई प्रजातियां मकड़ियों, ततैयों और अन्य कीड़ों को भी जॉम्बी बनाती हैं, सबसे अजीब उदाहरण है Massospora नाम का फंगस, जो सेमी (cicada) को संक्रमित करता है और उसका पूरा पेट झड़कर निकल जाता है. उसकी जगह चूने जैसा सफेद स्पोर-ब्लॉक निकल आता है, जिसे वैज्ञानिक ‘फ्लाइंग साल्ट शेकर ऑफ डेथ’ कहते हैं।
सारी चींटियां क्यों नहीं मारता यह फंगस?
जॉम्बी इंफेक्शन चींटी के लिए 100% घातक है, लेकिन इसका मकसद पूरी कॉलनी का सफाया नहीं है। ऐसा होता तो फंगस का अपना भोजन ही खत्म हो जाता। इसलिए यह चुनिंदा चींटियों को शिकार बनाता है और खुद एक ‘हाइपरपैरासाइट’ फंगस का शिकार बनकर अपनी संख्या भी नियंत्रित रखता है. वैज्ञानिकों के अनुसार यह प्राकृतिक ‘पेस्ट कंट्रोल’ की तरह जंगल के इकोसिस्टम को संतुलित रखता है।



























