Hanging Train Japan: मेट्रो से सफर अब भारत के बड़े शहरों की रोज़मर्रा जिंदगी का हिस्सा बन रहा है। दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु में लोग या तो एलिवेटेड ट्रैक पर दौड़ती मेट्रो देखते हैं या जमीन के नीचे बनी सुरंगों से गुजरती ट्रेन में सफर करते हुए। लेकिन जापान के चिबा (Chiba) शहर में ट्रांसपोर्ट का एक ऐसा रूप है, जिसे देखकर पहली बार हर कोई ठिठक जाता है, यहां की ट्रेन पटरी पर नहीं, बल्कि पटरी के नीचे लटककर चलती है। सोशल मीडिया पर इस उल्टी मेट्रो का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे अब तक करोड़ों लोग देख चुके हैं।
जाने सस्पेंडेड मोनोरेल कैसे काम करता है?
आम ट्रेनों में पहिए पटरी के ऊपर रहते हैं, लेकिन इस तकनीक में पूरा डिब्बा ट्रैक के नीचे झूलता है। दरअसल, यह सस्पेंडेड मोनोरेल (Suspended Monorail) सिस्टम है, जो सेफेज (SAFEGE) तकनीक पर आधारित है। ऊपर एक मजबूत बॉक्स-आकार का बीम बना होता है और ट्रेन के पहिए इसी बीम के अंदर घूमते हैं। डिब्बा इस बीम से नीचे की ओर जुड़ा होता है। नतीजा? दूर से देखने पर ट्रेन ऐसी लगती है मानो हवा में तैर रही हो। सबसे कमाल की बात यह है कि सिंगल रेल होने के बावजूद इसके नीचे सड़क पर आराम से वाहन और पैदल चलने वाले निकल जाते हैं — यानी जमीन के हर वर्ग मीटर का बेहतरीन इस्तेमाल।
1988 में शुरू हुआ था सफर, अब दो लाइनों का नेटवर्क
बता दें कि चिबा अर्बन मोनोरेल का पहला हिस्सा 28 मार्च 1988 को यात्रियों के लिए खोला गया था। इसके बाद चरणबद्ध विस्तार होता रहा और मार्च 1999 तक यह आज के आकार में पहुंच गया। इसके दो रूट हैं,
लाइन 1 चिबा मिनाटो से केंचो-माए तक (लगभग 3.2 किमी), लाइन 2 केंचो-माए से चिशिरोदाई-किता तक (लगभग 10.7 किमी), शहर की सड़कें संकरी थीं और वाहनों की संख्या बढ़ने से जाम बड़ी समस्या बन गई थी। ऊपर हवा में उड़ने वाली यह ट्रेन बिना एक इंच जमीन घेरे, हजारों लोगों को रोज़ ऑफिस, स्कूल और घर तक पहुंचाने का जुगाड़ बन गई।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है इस ट्रेन का नाम
चिबा अर्बन मोनोरेल की कुल लंबाई करीब 15.2 किलोमीटर है। इस वजह से इसे वर्ष 2001 में दुनिया की सबसे लंबी सस्पेंडेड मोनोरेल का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड मिला, जो आज भी कायम है। मौजूदा समय में इसकी अधिकतम स्पीड 50 किमी/घंटा है और किराया शुरुआती 220 येन (लगभग ₹130) से शुरू होता है।
अंदर से ज्यादा खास यह सफर
बता दें कि बाहर से हैरान करने वाली यह ट्रेन अंदर से भी बेहद दिलचस्प है। ऊंचाई पर चलने के चलते खिड़कियों से शहर की गलियां, इमारतें और बंदरगाह के नजारे रूबरू होते हैं। कुछ नए डिब्बों में फर्श में ग्लास लगाया गया है, जिनसे यात्री सीधे नीचे बहते ट्रैफिक को देख सकते हैं।
बस जैसे हवा में तैरते हुए पूरे शहर की सैर कर रहे हों। इसी अनुभव को दिखाते हुए भारतीय कंटेंट क्रिएटर देव (@thefilmychhora_) ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर किया, जो 5 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा रहा है।
चुनिंदा जगहों पर दुनिया में ऐसी ट्रेन
सस्पेंडेड सिस्टम कोई बिल्कुल नया विचार नहीं है। जर्मनी के वुपर्टाल में श्वेबेबान (Schwebebahn) 1901 से चल रही है, जो अपनी तरह की सबसे पुरानी लटकने वाली रेल है। जापान में ही कानागावा में शोनान मोनोरेल 1970 से ऑपरेट हो रही है। लेकिन नेटवर्क की लंबाई और शहरी इस्तेमाल के लिहाज से चिबा का नाम सबसे आगे है — यही इसे उल्टी मेट्रो की असली चैंपियन बनाता है।
क्या भारत में चल सकती है ऐसी ट्रेन?
बता दें कि यह सवाल वायरल वीडियो पर यूजर्स सबसे ज्यादा पूछे जा रहे हैं। गौर करने वाली बात यह है कि मुंबई मोनोरेल भारत की पहली मोनोरेल जरूर है, लेकिन वह “स्ट्रैडल-बीम” तकनीक पर चलती है, यानी ट्रेन ट्रैक के ऊपर सवार रहती है, नीचे लटकती नहीं। सस्पेंडेड सिस्टम के लिए खास इंजीनियरिंग, ज्यादा पूंजी और सख्त सेफ्टी अप्रूवल चाहिए। अभी तक किसी भारतीय शहर में ऐसी प्रोजेक्ट की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन जिन शहरों में जगह सबसे बड़ी चुनौती है, वहां भविष्य में इस तकनीक पर विचार होना टालना मुश्किल है।



























