Noida News: रालोद (राष्ट्रीय लोकदल) ने नोएडा में अपने संगठन को मजबूत करने की दिशा में नई नियुक्ति की है। पार्टी ने ठाकुर महीपाल सिंह को नोएडा महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। आज सोमवार को सेक्टर-29 स्थित नोएडा मीडिया क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में रालोद के क्षेत्रीय अध्यक्ष तरस पाल मलिक ने उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इस नियुक्ति को नोएडा में पार्टी के संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। आइए विस्तार से जानते है।
2027 के चुनाव से पहले संगठन मजबूत करने की तैयारी
नियुक्ति पत्र सौंपने के बाद क्षेत्रीय अध्यक्ष तरस पाल मलिक ने कहा कि ठाकुर महीपाल सिंह के नेतृत्व में नोएडा महानगर में रालोद संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए अध्यक्ष सभी धर्मों और वर्गों के लोगों को साथ लेकर चलेंगे और पार्टी की पहुंच को शहर के अलग-अलग इलाकों तक बढ़ाएंगे।
मलिक के अनुसार, पार्टी का लक्ष्य केवल पदाधिकारियों की नियुक्ति तक सीमित नहीं है। नई कार्यकारिणी के गठन के साथ संगठन को सक्रिय करना, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ना और स्थानीय स्तर पर लोगों से संवाद बढ़ाना भी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन विस्तार की प्रक्रिया को गति दी जाएगी। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से रालोद की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। साथ ही, संगठन के हित में समर्पण और सक्रियता के साथ काम करने का भरोसा जताया।
महीपाल सिंह ने जताया नेतृत्व का आभार
नोएडा महानगर अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर ठाकुर महीपाल सिंह ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। संगठन को मजबूत करना और विभिन्न वर्गों के लोगों को पार्टी से जोड़ना उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा।
महीपाल सिंह ने कहा कि वह कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करेंगे और नोएडा में पार्टी की गतिविधियों को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे। उनकी नियुक्ति के बाद अब नई महानगर कार्यकारिणी के गठन और संगठनात्मक जिम्मेदारियों को सक्रिय करने पर ध्यान दिए जाने की उम्मीद है।
प्रेसवार्ता में कई पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष जनार्दन भाटी, पूर्व एमएलसी महेश आर्य, मेरठ मंडल अध्यक्ष एडवोकेट इंद्रवीर भाटी और अजीत सिंह दौला मौजूद रहे। इनके अलावा मनोज चौधरी, अनिता चौधरी, बिजेंद्र यादव, मनवीर भाटी, हरवीर सिंह तालान, ठाकुर करण सिंह, निशांत भाटी और गौरव आजाद सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी प्रेसवार्ता में शामिल हुए।
नोएडा में रालोद की सक्रियता बढ़ाने पर जोर
नोएडा महानगर अध्यक्ष के रूप में ठाकुर महीपाल सिंह की नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब पार्टी 2027 विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को सक्रिय और व्यापक बनाने की बात कर रही है। रालोद नेतृत्व का कहना है कि नई कार्यकारिणी के माध्यम से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने और पार्टी की विचारधारा को स्थानीय स्तर पर पहुंचाने की कोशिश की जाएगी।
नई जिम्मेदारी के साथ महीपाल सिंह के सामने महानगर में कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल मजबूत करने, संगठनात्मक ढांचे को सक्रिय करने और पार्टी की उपस्थिति बढ़ाने की चुनौती रहेगी। पार्टी के स्थानीय पदाधिकारियों ने भरोसा जताया कि सामूहिक प्रयासों से नोएडा में रालोद संगठन को नई गति मिलेगी।



























