Noida News: यमुना तटबंध यानी यमुना पुस्ता बांध की चार लेन सड़क पर पिछले कई वर्षों से चली आ रही सफाई और मरम्मत की समस्या का समाधान अब दिखाई देने लगा है। करीब 12 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद सेक्टर-94 स्थित गांव रायपुर से सेक्टर-135 स्थित गांव नंगली वाजिदपुर तक यमुना मार्जिनल बांध सड़क की सफाई, झाड़ियों की कटाई-छंटाई और मरम्मत का काम तेजी से कराया जा रहा है। सड़क के दोनों किनारों और बीच में उगी कंटीली झाड़ियों को हटाया जा रहा है। इसके साथ ही जगह-जगह जमा कूड़े के ढेरों की सफाई भी की जा रही है। लंबे समय से इस समस्या को उठा रहे ग्राम विकास संगठन नोएडा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने कार्य शुरू होने पर खुशी जाहिर की है।
अशोक चौहान ने बताया कि सिंचाई विभाग की ओर से यमुना पुस्ता बांध की सड़क के रखरखाव और सफाई का काम शुरू करा दिया गया है। वर्तमान में सेक्टर-135 के गांव नंगली वाजिदपुर के सामने सफाई और मरम्मत का कार्य चल रहा है। अशोक चौहान के अनुसार, इस सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर आसपास के गांवों और सेक्टरों के निवासी लंबे समय से परेशान थे। सड़क के दोनों तरफ बड़ी-बड़ी कंटीली झाड़ियां उग आई थीं और कई स्थानों पर कूड़े के ढेर जमा थे। इससे आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।
नोएडा प्राधिकरण ने सफाई और मरम्मत के लिए स्वीकृत किए 34.18 करोड़ रुपये
अशोक चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री कृष्णा करुणेश के संज्ञान में मामला आने के बाद यमुना पुस्ता बांध की सफाई और अनुरक्षण कार्य के लिए सिंचाई विभाग को बजट उपलब्ध कराया गया है। नोएडा प्राधिकरण ने यमुना मार्जिनल बांध की चार लेन सड़क की मरम्मत, सफाई और रखरखाव के लिए कुल 34.18 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इसमें से पहली किस्त के रूप में लगभग 11 करोड़ रुपये उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के बैंक खाते में भेजे जा चुके हैं।
अशोक चौहान ने बताया कि वर्ष 2014 में नोएडा विकास प्राधिकरण की वित्तीय सहायता से यमुना मार्जिनल बांध पर चार लेन सड़क का निर्माण कराया गया था। इसके बाद सड़क की मरम्मत और अनुरक्षण की जिम्मेदारी को लेकर सिंचाई विभाग और नोएडा प्राधिकरण के बीच हुए एमओयू की शर्तों के अनुसार प्राधिकरण की ओर से धनराशि उपलब्ध कराकर आवश्यक कार्य कराया जाना प्रस्तावित था। लंबे समय से रखरखाव की आवश्यकता होने के बावजूद सड़क की नियमित सफाई और मरम्मत नहीं हो पा रही थी।
अब बजट स्वीकृत होने और पहली किस्त जारी होने के बाद सिंचाई विभाग ने सफाई एवं अनुरक्षण का काम शुरू कर दिया है। अशोक चौहान ने उम्मीद जताई कि स्वीकृत बजट से सड़क की सफाई के साथ-साथ जरूरी मरम्मत का कार्य भी व्यवस्थित तरीके से पूरा कराया जाएगा।

अशोक चौहान ने वर्ष 2021 से लगातार उठाई थी मांग
यमुना पुस्ता बांध सड़क की सफाई का मुद्दा अशोक चौहान पिछले कई वर्षों से लगातार संबंधित विभागों और प्रशासन के सामने उठा रहे थे। अशोक चौहान के अनुसार, सेक्टर-94 के गांव रायपुर से सेक्टर-135 के गांव नंगली वाजिदपुर तक लगभग 11.2 किलोमीटर लंबी सड़क पर कंटीली झाड़ियों और कूड़े की समस्या बनी हुई थी।
इस संबंध में अशोक चौहान ने वर्ष 2021 से लगातार शिकायतें दर्ज कराईं। वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर शिकायत संख्या 40014123027859 दर्ज कराई गई थी। इस शिकायत के जवाब में सिंचाई विभाग की ओर से बताया गया था कि पुस्ता बांध सड़क की दैनिक सफाई का कार्य नोएडा प्राधिकरण द्वारा कराया जाता है।
इसके बाद अशोक चौहान ने 31 अगस्त 2024 को दोबारा मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत संख्या 40014124021755 और 40014124021758 दर्ज कराई। ये शिकायतें नोएडा प्राधिकरण और सिंचाई विभाग में अलग-अलग दर्ज कराई गई थीं।
अशोक चौहान ने 28 अगस्त 2025 को भी मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत संख्या 40014125031556 दर्ज कराकर सड़क की बदहाल स्थिति और सफाई की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया था। लगातार शिकायतों और विभागीय स्तर पर मामला उठाए जाने के बाद अब सड़क की सफाई और मरम्मत का कार्य शुरू हुआ है।
अशोक चौहान का कहना है कि किसी भी सार्वजनिक सड़क का निर्माण होने के बाद उसका नियमित रखरखाव बेहद जरूरी है। यदि समय-समय पर सफाई और मरम्मत होती रहे तो आम नागरिकों को परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।
यमुना पुस्ता बांध सड़क बनने से मिलेगा जाम से राहत
अशोक चौहान के अनुसार, लगभग 11.2 किलोमीटर लंबी यमुना पुस्ता बांध की चार लेन सड़क की सफाई और मरम्मत पूरी होने के बाद आसपास के गांवों और सेक्टरों के निवासियों को आवागमन के लिए एक बेहतर वैकल्पिक मार्ग मिल सकेगा।
इस सड़क का लाभ रायपुर, बख्तावरपुर, असगरपुर, गढ़ी शाहपुर, शाहपुर गोवर्धनपुर, नंगली नंगला, नंगली शाखपुर, नंगली वाजिदपुर, छपरौली और दोस्तपुर मंगरौली सहित आसपास के गांवों के लोगों को मिल सकता है। इसके अलावा सेक्टर-126 से सेक्टर-135 और सेक्टर-168 के निवासियों के लिए भी यह मार्ग उपयोगी साबित हो सकता है।
अशोक चौहान ने बताया कि नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर अक्सर वाहनों का दबाव अधिक रहता है। ऐसे में यमुना पुस्ता बांध सड़क का बेहतर रखरखाव और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलने से स्थानीय यातायात को वैकल्पिक रास्ता मिल सकता है। इससे एक्सप्रेसवे पर वाहनों का दबाव कम करने में भी मदद मिलने की संभावना है।
सफाई कार्य शुरू होने से ग्रामीणों और स्थानीय निवासियों में खुशी
यमुना पुस्ता बांध सड़क की सफाई और मरम्मत का काम शुरू होने से आसपास के गांवों के निवासियों में खुशी का माहौल है। लंबे समय से कंटीली झाड़ियों, कूड़े और सड़क की खराब स्थिति से परेशान लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
ग्राम विकास संगठन नोएडा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने नोएडा प्राधिकरण और सिंचाई विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यमुना पुस्ता बांध सड़क की सफाई और मरम्मत का कार्य जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्वीकृत बजट के अनुरूप पूरी सड़क का कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया जाएगा और भविष्य में भी इसका नियमित अनुरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा।
अशोक चौहान ने कहा कि सड़क की बेहतर स्थिति होने से स्थानीय लोगों का आवागमन सुगम होगा। साथ ही कूड़े के ढेर और कंटीली झाड़ियों को हटाने से आसपास का वातावरण भी स्वच्छ बनेगा। वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होने से मुख्य एक्सप्रेसवे पर यातायात का दबाव कम करने और जाम के कारण होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करने में भी सकारात्मक मदद मिल सकती है।
फिलहाल सेक्टर-94 गांव रायपुर से सेक्टर-135 गांव नंगली वाजिदपुर तक यमुना मार्जिनल बांध की चार लेन सड़क पर सफाई और मरम्मत का काम जारी है। अब स्थानीय निवासियों को उम्मीद है कि यह कार्य जल्द पूरा होगा और वर्षों से उपेक्षित पड़ी सड़क फिर से बेहतर आवागमन के लिए तैयार हो सकेगी।

























