Mumbai Local Train News: मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर चिंता सामने आई है। नायगांव रेलवे स्टेशन पर 20 वर्षीय युवती के साथ कथित छेड़छाड़ और फिर उसे ट्रेन के सामने धकेलने का सनसनीखेज मामला सामने आ रहा है। आरोप है कि युवती ने जब आरोपी की हरकत का विरोध किया तो उसने गुस्से में उसे रेलवे ट्रैक पर धक्का दे दिया और इसी दौरान लोकल ट्रेन की चपेट में आने से युवती का बायां हाथ कोहनी के नीचे से कट गया। उसके सिर में भी गंभीर चोट भी आई है। मामले में रेलवे पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास से संबंधित धाराओं में भी कार्रवाई की है। इस घटना के बाद मुंबई की लोकल ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं।
नायगांव स्टेशन पर युवती के साथ हुई कथित छेड़छाड़
बता दें कि प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह घटना 4 नवंबर की है। 20 वर्षीय युवती बोरीवली से नायगांव जाने के लिए लोकल ट्रेन में सवार हुई थी। यात्रा के दौरान नायगांव रेलवे स्टेशन पहुंचने पर एक 53 वर्षीय व्यक्ति ने कथित तौर पर उसके साथ अश्लील हरकत करने की कोशिश की।
बता दें कि पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसके सीने के पास गलत तरीके से छूने का प्रयास किया। युवती ने इस हरकत का विरोध किया और गुस्से में आरोपी को अपनी चप्पल से मार दिया। इसके बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी युवती के साथ गाली-गलौज करने लगा।
इसी बीच स्टेशन पर खड़ी लोकल ट्रेन चलने लगी। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने युवती को दोनों हाथों से जोरदार धक्का दे दिया। अचानक हुए हमले के कारण युवती अपना संतुलन नहीं संभाल सकी और दो डिब्बों के बीच से रेलवे ट्रैक पर जा गिरी।
ट्रेन के पहिए के नीचे आया युवती का बायां हाथ
बता दें कि रेलवे ट्रैक पर गिरने के बाद युवती ने अपनी जान बचाने के लिए प्लेटफॉर्म पर चढ़ने की कोशिश की। लेकिन इससे पहले कि वह सुरक्षित स्थान तक पहुंच पाती, लोकल ट्रेन आगे बढ़ गई। इसी दौरान उसका बायां हाथ ट्रेन के पहिए की चपेट में आ गया।
इस दर्दनाक हादसे में युवती का हाथ कोहनी के नीचे से कट गया। उसके सिर में भी गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण डॉक्टरों को 16 टांके लगाने पड़े। हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि ट्रेन गुजरने के बाद वहां मौजूद एक वर्दीधारी पुलिसकर्मी और यात्रियों ने घायल युवती को प्लेटफॉर्म तक पहुंचाने में मदद की। दूसरी तरफ, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। भीड़ का फायदा उठाकर उसके भागने से शुरुआती जांच में पुलिस के सामने चुनौती खड़ी हो गई थी।
CCTV फुटेज की मदद से रेलवे पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
बता दें कि घटना की गंभीरता को देखते हुए भाईंदर रेलवे पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने नायगांव रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपी की पहचान करने की कोशिश की।
जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने 53 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास से संबंधित आरोप भी लगाए गए हैं। पुलिस अब मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इस घटना में युवती को आई गंभीर चोटों और उसके हाथ के कट जाने के कारण मामला बेहद संवेदनशील हो गया है। पीड़िता और उसके परिवार की मांग है कि आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उसे ऐसी घटना की उचित सजा मिल सके।
पहले दर्ज FIR में हत्या के प्रयास की धारा नहीं लगने पर परिवार नाराज
इस मामले में 6 नवंबर को भाईंदर रेलवे पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शुरुआती कार्रवाई के दौरान भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 117(2) और 352 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
हालांकि, शुरुआती एफआईआर में हत्या के प्रयास से जुड़ी धारा शामिल नहीं होने पर पीड़िता के परिवार ने नाराजगी जताई। परिवार का मानना था कि युवती को जिस तरह कथित तौर पर ट्रेन के सामने धकेला गया और उसे इतनी गंभीर चोटें आईं, उसे देखते हुए मामले में अधिक गंभीर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए थी।
इसके बाद परिवार ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के पदाधिकारियों से मदद मांगी। मनसे के प्रतिनिधियों ने रेलवे पुलिस के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक से मुलाकात कर मामले में उचित धाराएं जोड़ने की मांग उठाई। बताया गया कि पुलिस अधिकारियों ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था। बाद में आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास से संबंधित मामला भी दर्ज किया गया।
हाथ गंवाने के बाद युवती के सामने खड़ी हुईं कई चुनौतियां
इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि महज 20 साल की उम्र में युवती को अपना बायां हाथ गंवाना पड़ा है। पीड़िता के मुताबिक, हादसे से पहले वह अपने परिवार की जिम्मेदारियां संभालती थी और रोजमर्रा के काम भी खुद करती थी।
लेकिन अब इस दुर्घटना के बाद उसकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई है। एक हाथ के गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त होने के कारण उसे भविष्य, कामकाज और रोजमर्रा की जरूरतों को लेकर कई मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि उसे ऐसा न्याय मिलना चाहिए, जिससे भविष्य में कोई अन्य महिला इस तरह की घटना का शिकार न बने।


























