चंद्रशेखर आजाद-ओवैसी का बड़ा ऐलान, यूपी में तीसरा मोर्चा तैयार

UP News: आजाद समाज पार्टी और AIMIM ने उत्तर प्रदेश में 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' बनाया। चंद्रशेखर आजाद गठबंधन के मुख्यमंत्री चेहरे, 2027 यूपी विधानसभा चुनाव में सभी 403 सीटों पर लड़ेंगे चुनाव। पढ़ें पूरी खबर।

403 सीटों पर सीधी जंग! दलित-मुस्लिम गठबंधन ने दिखाया दम

HIGHLIGHTS

  • सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का ऐलान, 2027 में सत्ता परिवर्तन तय?
  • दलित-मुस्लिम एकजुट वोटबैंक से सपा-बसपा की राजनीति को झटका
  • गिरिराज सिंह पर ओवैसी का पलटवार, बोले- पहले स्वस्थ होइए
  • सपा-कांग्रेस को आजाद का न्योता, बोले- हमारा दिल बड़ा है

UP News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। बहुजन नेता और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद तथा हैदराबाद सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने लखनऊ में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में नए गठबंधन की घोषणा की है। इस गठबंधन का नाम ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ (SPM) रखा गया है, जिसमें फिलहाल आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) शामिल हैं। इस ऐलान के साथ ही यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राज्य की राजनीति में तीसरा मोर्चा सक्रिय हो गया है।

‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ चंद्रशेखर आजाद

प्रेस कॉन्फ्रेंस में चंद्रशेखर आजाद ने साफ किया कि इस गठबंधन को महज ‘तीसरा मोर्चा’ कहना ठीक नहीं होगा। उन्होंने कहा कि यह सामाजिक परिवर्तन मोर्चा है, जिसका मकसद हाशिए पर पड़े पिछड़े, दलित और मुस्लिम समाज को राजनीतिक ताकत देना है। आजाद ने बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर और स्वयं कांशीराम के विचारों का हवाला देते हुए कहा कि लोकतंत्र में उसी दल की ताकत होती है, जिसका अपना संगठन मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि समाज को मांगने वाला नहीं, बल्कि देने वाला बनना होगा।

चंद्रशेखर आजाद होंगे गठबंधन के सीएम चेहरे

गठबंधन की सबसे बड़ी घोषणा मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर की गई. असदुद्दीन ओवैसी ने ऐलान किया कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की ओर से चंद्रशेखर आजाद ही मुख्यमंत्री के चेहरे होंगे। ओवैसी ने कहा कि वे आजाद की बातों से पूरी तरह सहमत हैं और यह गठबंधन यूपी में भाजपा को लगातार तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए एक ठोस विकल्प पेश करेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि यह मोर्चा सिर्फ सत्ता की राजनीति नहीं, बल्कि जमीन से जुड़े मुद्दों रोजगार, शिक्षा, सुरक्षा और सामाजिक सम्मान पर भी संघर्ष करेगा।

2027 में सभी 403 सीटों पर सीधी जंग

चंद्रशेखर आजाद ने घोषणा की कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि 2014, 2017, 2022 और 2024 में भाजपा को हटाने के जो वादे किए गए, उनका परिणाम उलटा निकला और भाजपा और मजबूत होती गई। इसी कमी को पूरा करने के लिए उन्होंने बताया कि उन्होंने ओवैसी से बातचीत कर अपनी राजनीतिक ताकत को संगठित करने का फैसला लिया। आजाद ने स्पष्ट कहा कि उनका यह मोर्चा 2027 में सत्ता परिवर्तन करेगा।

ओवैसी का भाजपा सहित अन्य दलों पर हमला

प्रेस कॉन्फ्रेंस में ओवैसी ने भाजपा सहित अन्य दलों पर तीखा निशाना साधा और कहा कि ये सिर्फ ‘पर्व की पार्टियां’ हैं, भविष्य की पार्टियां नहीं. केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के बयानों पर पलटकर जवाब देते हुए ओवैसी ने कहा है कि मैं गिरिराज साहब से कहूंगा कि आप बीमार हैं और अस्पताल में हैं। हम दुआ करते हैं कि आप जल्द स्वस्थ हों, फिर हमसे मुकाबला करें। इसके अलावा उन्होंने जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में दो जवानों की हत्या को लेकर भाजपा से स्पष्ट जवाब भी मांगा।

हाथरस, शब्बीरपुर और प्रयागराज आजाद ने गिनाए सवाल

चंद्रशेखर आजाद ने मौजूदा सरकार पर पिछड़े, दलित और मुस्लिम समाज के साथ उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि शब्बीरपुर मामले में निर्दोष होने के बावजूद उन्हें नौ महीने जेल में रहना पड़ा और रिहाई के बाद उन पर NSA लगाई गई, जबकि उनके समाज के लोगों पर रासुका के मामले भी सामने आए। आजाद ने सवाल उठाया कि जब मुख्यमंत्री खुद अपने ऊपर दर्ज मुकदमे वापस ले सकते हैं, तो हाथरस में दलित बेटी के साथ हुई घटना, प्रयागराज में फूलचंद के परिवार की हत्या और कासगंज में पुलिस हिरासत में अल्ताफ। की मौत पर जवाबदेही कौन लेगा?

सपा-कांग्रेस को खुला न्योता, दिल बड़ा है: आजाद

गठबंधन को व्यापक बनाने के इरादे जाहिर करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को भी मोर्चे में शामिल होने का न्योता दिया। उन्होंने कहा है कि हमारा दिल बड़ा है। भाजपा को हटाने के लिए जो भी हमारे साथ आना चाहेगा, उसका स्वागत होगा। हालांकि उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई दलों ने बहुजन समाज से वादे कर वोट लिए, लेकिन घोषणाएं फर्जी रहीं और आज भी गरीब बस्तियों में मकान, सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं का संकट बना हुआ है।

संविधान, आरक्षण और बेरोजगारी, मोर्चे के मुख्य मुद्दे

चंद्रशेखर आजाद ने दावा किया कि भाजपा का लक्ष्य संविधान और आरक्षण को खत्म करना है, जिसे वे किसी सूरत में होने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि इन्हें दिन में तारे दिखा देंगे। बेरोजगारी के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और आवाज उठाने वालों के लिए सरकार ने ऐसे कानून बना दिए हैं कि विरोध की कीमत नौकरी तक चुकानी पड़ती है।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now