दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार

ऋषी तिवारी


नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में झारखंड और पश्चिम बंगाल से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 10 मोबाइल फोन, 13 सिम कार्ड और ठगी में इस्तेमाल किए गए डिजिटल उपकरण बरामद किए हैं। जांच के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से देश के विभिन्न राज्यों में लोगों को निशाना बना रहा था।

बैंक खाता बंद करने का डर दिखाकर करते थे ठगी

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ये आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर फोन कॉल और व्हाट्सएप संदेश के माध्यम से लोगों से संपर्क करते थे। वे बैंक खातों को बंद करने का डर दिखाकर लोगों को फंसाते थे। शिकायतकर्ता महिलाओं और पुरुषों से कहा जाता था कि यदि उन्होंने तुरंत केवाईसी अपडेट नहीं किया, तो उनका बैंक खाता बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद आरोपी एक खतरनाक लिंक भेजते थे, जिस पर क्लिक करने पर मोबाइल में खतरनाक एपीके फाइल इंस्टॉल हो जाती थी। इस फाइल के जरिए वे पीड़ित के मोबाइल फोन और बैंकिंग ऐप्स का नियंत्रण हासिल कर लेते थे।

यह भी पढ़ें : फिल्म ‘शतक: संघ के 100 वर्ष’ की यात्रा ईमानदारी और संतुलन के साथ पर्दे पर

महिला की शिकायत के आधार पर हुआ खुलासा

यह मामला नई दिल्ली के सागरपुर क्षेत्र की एक महिला की शिकायत के बाद उजागर हुआ। पीड़िता ने बताया कि दिसंबर 2025 में एक व्यक्ति ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर कॉल किया और केवाईसी अपडेट के लिए लिंक भेजा। कुछ दिनों बाद उसके मोबाइल पर मैसेज आया कि उसके क्रेडिट कार्ड पर 8.33 लाख रुपये का लोन लिया गया है, जबकि उसने न तो ऐसा कोई लेन-देन किया था और न ही कोई लोन लिया था।मामले की जांच में पता चला कि यह गिरोह झारखंड के धनबाद और पश्चिम बंगाल के हुगली से संचालित हो रहा था। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस के जरिए आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की और धनबाद के निरसा इलाके में छापा मारकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। चौथे आरोपी को हुगली से पकड़ लिया गया है।

आरोपियों ने किए खुलासे

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि गिरोह का एक सदस्य फर्जी एपीके फाइल तैयार करता था और म्यूल बैंक खातों की व्यवस्था करता था। जबकि बाकी सदस्य फोन कॉल कर पीड़ितों को जाल में फंसाते थे। ठगी की रकम एटीएम और पीओएस मशीनों के जरिए निकाली जाती थी।

दिल्ली पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ऐप पर विश्वास न करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बैंक कभी भी फोन कॉल या लिंक भेजकर केवाईसी अपडेट नहीं करवाते हैं। जनता से सतर्कता बरतने की अपील की गई है ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।

Sandhya Samay News

संध्या समय न्यूज़ – आपके विश्वास की आवाज़ संध्या समय न्यूज़ की स्थापना वर्ष 2018 में की गई, जो कि MSME में विधिवत रूप से पंजीकृत है। हमारा उद्देश्य समाज तक सटीक, निष्पक्ष और भरोसेमंद समाचार पहुँचाना है। हम देश-प्रदेश की ताज़ा खबरों, सामाजिक मुद्दों, और जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को आपके सामने सरल और स्पष्ट रूप में प्रस्तुत करते हैं। हम अपने सभी दर्शकों और पाठकों का दिल से आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने हमें लगातार देखा, समझा और अपना विश्वास बनाए रखा। आपकी यही सराहना और समर्थन हमें और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। संध्या समय न्यूज़ हमेशा सत्य, निष्पक्षता और जनसेवा के मूल्यों पर कार्य करता रहेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now