संध्या समय न्यूज संवाददाता
राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ की सौवीं वर्षगांठ पर आधारित फिल्म ‘शतक: संघ के 100 वर्ष’ ने अपने विषय और तथ्यों के प्रति प्रतिबद्धता के कारण सुर्खियों में जगह बनाई है। सूत्रों के अनुसार, फिल्म के निर्माताओं ने ऐतिहासिक सटीकता और वैचारिक ईमानदारी बनाए रखने के लिए गहन समीक्षा और विशेषज्ञों से परामर्श के बाद कुछ महत्वपूर्ण दृश्यों को हटाने का निर्णय लिया है।
फिल्म के ट्रेलर लॉन्च पर प्रतिक्रिया
फिल्म के ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम में संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. मनमोहन वैद्य ने इस निर्णय की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज के दौर में जब विचारधारा के नाम पर तथ्यों से समझौता किया जाता है, तब ‘शतक’ जैसी फिल्में यह साबित करती हैं कि संघ के लिए सत्य और तथ्य सर्वोपरि हैं।” डॉ. वैद्य ने बताया कि फिल्म को इतिहासकारों और विशेषज्ञों द्वारा जांचने के बाद कुछ दृश्यों पर पुनर्विचार किया गया और आवश्यक परिवर्तन किए गए। उन्होंने कहा, “कुछ भावनात्मक दृश्य थे, लेकिन उनके पीछे ऐतिहासिक आधार नहीं था। बिना किसी दबाव के, इन दृश्यों को हटाने का निर्णय लिया गया, जो संघ की पारदर्शी सोच और साफ छवि का प्रतीक है।
यह भी पढ़ें : तिल-गुड़ और खिचड़ी के साथ दिल्ली भाजपा ने दिया एकजुटता का संदेश
निर्माताओं का निर्णय और रचनात्मकता
फिल्म से जुड़े निर्माताओं ने कई बैठकें कर तय किया कि रचनात्मकता जरूरी है, परंतु इतिहास की मर्यादा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इस सोच के तहत, कुछ कंटेंट को हटाया गया है। डॉ. वैद्य ने यह भी कहा कि यह फिल्म प्रचार का माध्यम नहीं, बल्कि संघ की यात्रा का सच्चा परिचय है, जिसमें तथ्यों का ही प्रदर्शन किया जाएगा।
संघ की स्थापना से लेकर आज तक
‘शतक’ फिल्म संघ की स्थापना से लेकर उसके सामाजिक, सांस्कृतिक और वैचारिक विकास को दर्शाने का प्रयास है। कहानी को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यकतानुसार कलात्मक स्वतंत्रता भी ली गई है, लेकिन तथ्यों में कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है।
मीडिया और इतिहास की जिम्मेदारी
आज जब कई बायोपिक और विचारप्रधान फिल्मों पर इतिहास को तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत करने के आरोप लगते हैं, उस स्थिति में ‘शतक’ का यह कदम जिम्मेदारी और भरोसेमंदता का प्रतीक माना जा रहा है। यह फिल्म संघ की सौ वर्षों की यात्रा को ईमानदारी और संतुलन के साथ परोसने का प्रयास है। ‘शतक: संघ के 100 वर्ष’ 19 फरवरी से देशभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।




















Comments are closed.