ऋषी तिवारी
नई दिल्ली। मकर संक्रांति के अवसर पर बुधवार को दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित मकर संक्रांति मिलन समारोह राजनीतिक उत्साह और संगठनात्मक शक्ति प्रदर्शन का साक्षी बना। इस अवसर पर भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का दिल्ली भाजपा की ओर से भव्य अभिनंदन किया गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और “भारत माता की जय” व “जय श्रीराम” के नारों के बीच कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने नितिन नबीन का किया स्वागत
कार्यक्रम की मेजबानी कर रहे दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने पारंपरिक अंदाज में नितिन नबीन का स्वागत करते हुए उन्हें मखाने की माला पहनाई और मकर संक्रांति के प्रतीक स्वरूप खिचड़ी एवं तिल-कुट भेंट किया। इस मौके पर सचदेवा ने कहा कि मकर संक्रांति परिवर्तन और सकारात्मक ऊर्जा का पर्व है और नितिन नबीन जैसे युवा व कर्मठ नेतृत्व के आने से संगठन को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से दिल्ली की सेवा के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित मकर संक्रांति महोत्सव। @NitinNabin @Virend_Sachdeva https://t.co/CH3wDj9E23
— BJP Delhi (@BJP4Delhi) January 14, 2026
यह भी पढ़ें : मोहन भागवत ने लॉन्च किया ‘शतक’ का गीत
कर संक्रांति समाज में समरसता और भाईचारे का संदेश
प्रदेश अध्यक्ष ने दिल्लीवासियों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मकर संक्रांति समाज में समरसता और भाईचारे का संदेश देती है। जिस प्रकार सूर्य उत्तरायण होकर प्रकाश फैलाता है, उसी तरह जनता के सहयोग से दिल्ली में विकास और खुशहाली का नया अध्याय लिखा जाएगा। अपने स्वागत से अभिभूत नितिन नबीन ने दिल्ली भाजपा संगठन की सराहना की। उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति बदलाव और नई शुरुआत का प्रतीक है और दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ताओं का उत्साह यह दर्शाता है कि संगठन आने वाली चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आग्रह किया और संगठन को और मजबूत बनाने पर बल दिया।
समारोह के दौरान खिचड़ी भोज का आयोजन
बता दें कि समारोह के दौरान खिचड़ी भोज का आयोजन भी किया गया, जिसमें वरिष्ठ नेताओं से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं ने एक साथ भोजन किया। कार्यक्रम में दिल्ली के सांसदों, विधानसभा अध्यक्ष, पूर्व महापौरों, विधायकों, निगम पार्षदों सहित हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। मंच पर कुलजीत चहल, वीरेंद्र सचदेवा, राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, सांसद योगेंद्र चंदोलिया, विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, संजय मयूख, पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष संजय ओझा, कमलजीत सेहरावत और महामंत्री विष्णु मित्तल सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : दिल्ली में ‘राहु केतु’ की गूंज, पुलकित–वरुण की जोड़ी फिर मचाएगी धमाल
पूरे कार्यालय परिसर को केसरिया झंडों और फूलों से सजाया गया था। पारंपरिक रीति के अनुसार तिल-गुड़ और खिचड़ी का प्रसाद भी वितरित किया गया। ऐसे समय में आयोजित यह कार्यक्रम, जब नितिन नबीन के जल्द ही पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने की चर्चा है, संगठन की एकजुटता और आगामी राजनीतिक तैयारियों का स्पष्ट संदेश देता है।






















