Delhi Chhath Ghat News: छठ महापर्व से पहले दिल्ली में मुनक नहर के किनारे करीब 11 किलोमीटर लंबे छठ घाट का उद्घाटन किया गया। आज गुरुवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और दिल्ली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घाट का उद्घाटन किया। इस मौके पर दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, विधायक और भाजपा के कई नेता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मुनक नहर के किनारे छठ पूजा की सुविधा विकसित कर सरकार ने पूर्वांचल के लोगों से किया वादा पूरा किया है। उन्होंने बताया कि करीब 115 करोड़ रुपये की लागत से इस परियोजना को तैयार किया गया है। कभी कूड़े, मलबे और झाड़ियों से घिरे नहर के इस हिस्से को साफ कर यहां श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित की गई हैं।
मुनक नहर पर विकसित हुआ 11 किलोमीटर लंबा छठ घाट
परियोजना के तहत नहर के दोनों किनारों पर पक्की सीढ़ियां बनाई गई हैं। श्रद्धालुओं की आवाजाही को आसान बनाने के लिए सड़कें और अन्य सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। घाट परिसर में रोशनी, फव्वारे और पार्क बनाने का काम भी किया जा रहा है। सरकार का कहना है कि इस विकास से छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित स्थान मिलेगा।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस परियोजना को समय पर पूरा कराने के लिए वह कई बार मौके पर गईं और अधिकारियों के साथ काम की समीक्षा की। उनका कहना था कि दिल्ली में रहने वाले पूर्वांचली परिवार लंबे समय से ऐसे स्थान की मांग कर रहे थे, जहां वे छठ पूजा के दौरान सूर्यदेव को अर्घ्य दे सकें। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छठ पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह भी अलग-अलग घाटों पर जाकर व्रतियों के साथ पर्व मनाएंगी।
इंद्रलोक से यूईआर-2 तक एलिवेटेड रोड का प्रस्ताव
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कार्यक्रम में क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की योजना की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन से आउटर रिंग रोड होते हुए यूईआर-2 तक एलिवेटेड रोड बनाने के लिए करीब 5,000 करोड़ रुपये की लागत का डीपीआर तैयार किया गया है। यह प्रस्ताव केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को सौंपा गया है। परियोजना पूरी होने पर इलाके में यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यह भी दावा किया कि दिल्ली की सभी विधानसभा क्षेत्रों में 100 करोड़ रुपये या उससे अधिक के विकास कार्य किए जा रहे हैं। कुछ क्षेत्रों में 150 से 200 करोड़ रुपये तक की परियोजनाएं चल रही हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली में 1,465 छठ समितियों के माध्यम से पर्व के आयोजन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
नितिन नबीन ने छठ और जलस्रोतों की स्वच्छता पर दिया जोर
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने छठ को भारतीय संस्कृति, प्रकृति और सामूहिकता से जुड़ा महापर्व बताया। उन्होंने कहा कि छठ में डूबते और उगते—दोनों सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। यह पर्व अनुशासन, शुद्धता और पवित्रता के साथ जीवन जीने की सीख देता है। पूजा में इस्तेमाल होने वाले फल, सब्जियां और कृषि उत्पाद किसानों के परिश्रम की याद दिलाते हैं।
नितिन नबीन ने कहा कि नदियों और जलस्रोतों की स्वच्छता बनाए रखना भी आस्था का हिस्सा है। उनके मुताबिक, छठ के दौरान व्रती जिस तरह स्वच्छता और नियमों का पालन करते हैं, उसी सोच को पूरे वर्ष अपनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री के निर्देश पर दिल्ली सरकार यमुना को स्वच्छ बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में यमुना के किनारे भी छठ महापर्व आयोजित किया जा सकेगा।
अपने संबोधन में नितिन नबीन ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाते रहे हैं, वे छठी मैया, गंगा मैया और यमुना मैया की धार्मिक महत्ता को कैसे समझेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नदियां और जलस्रोत केवल पानी के स्रोत नहीं, बल्कि पूजा और आराधना से जुड़े हैं।
पूर्वांचल की संस्कृति को सम्मान देने का दावा
नितिन नबीन ने कहा कि बिहार और पूर्वांचल के लोग देश के अलग-अलग हिस्सों में रहकर विकास में योगदान देते हैं। दिल्ली में भी बड़ी संख्या में पूर्वांचल के परिवार रहते हैं और छठ उनके लिए आस्था का प्रमुख पर्व है। उन्होंने कहा कि सरकार ने उनकी संस्कृति, परंपरा और पूजा पद्धति को सम्मान देने का प्रयास किया है। नबीन ने मुनक नहर पर घाट विकसित करने के लिए मुख्यमंत्री और उनकी टीम को बधाई दी।
आपके एक वोट ने दिल्ली में कमल खिलाया और एक साल के भीतर ही हमारे पूर्वांचली भाई-बहनों को 11 किलोमीटर लंबा भव्य छठ घाट मिल गया।
आज भारतीय जनता पार्टी के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री @NitinNabin जी ने इस भव्य छठ घाट और सिंगलपुर रोड के चौड़ीकरण कार्य को दिल्ली की जनता को समर्पित किया।
यह घाट उसी मुनक नहर पर बना है, जिसे पिछली सरकारों ने वर्षों तक गंदगी का डंपिंग ग्राउंड बनाकर छोड़ दिया था। लेकिन हमने ठाना कि जहां कभी गंदगी का अंबार था, वहां छठी मैया का जयकारा गूंजेगा। साल भर दिन-रात मेहनत की और आज मुनक नहर का बदला हुआ स्वरूप सबके सामने है।
यह केवल एक नहर का कायाकल्प नहीं, बल्कि पूर्वांचल की आस्था का सम्मान, जनता के विश्वास की जीत और ‘विकास भी, विरासत भी’ का जीता-जागता उदाहरण है।
इस अवसर पर दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री श्री हर्ष मल्होत्रा जी, सांसदगण, कैबिनेट सहयोगी मंत्रीगण, विधायकगण एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
@hdmalhotra
#ViksitDelhi
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) November 12, 2026
उन्होंने दिल्ली की पूर्ववर्ती सरकार पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पहले जनता के पैसे का उपयोग जनहित के बजाय निजी सुविधाओं के लिए किया गया। इसके मुकाबले मौजूदा सरकार सड़क, परिवहन और जरूरतमंदों के लिए सुविधाएं विकसित कर रही है। अपने भाषण में उन्होंने अटल कैंटीन, महिलाओं के लिए बस सेवा और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया।


























