Greater Noida News: भाजपा जनपद गौतमबुद्धनगर द्वारा आज शनिवार को ‘पंडित दीन दयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026’ के तहत जिला प्रशिक्षण वर्ग का दो दिवसीय प्रशिक्षण अभियान शुरू किया गया। यह कार्यक्रम अग्रसेन भवन, स्वर्ण नगरी, ग्रेटर नोएडा में आयोजित हुआ, जिसमें पार्टी के कद्दावर नेताओं ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया। प्रशिक्षण शिविर में विभिन्न सत्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों, चुनाव प्रबंधन और सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर प्रदेश और जिले के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
सत्रों में दिया गया विशेष मार्गदर्शन
बता दें कि दिन के पहले सत्र में राज्यसभा सांसद व भाजपा प्रदेश महामंत्री अमरपाल मौर्य ने ‘भाजपा कार्य विस्तार एवं चुनाव प्रबंध’ विषय पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं का निर्माण होता है और प्रशिक्षित होकर हमें सीखने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि जनसंघ से लेकर आज तक भाजपा का एक ही उद्देश्य रहा- ‘देश प्रथम’। पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार सभी वर्गों के विकास के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जन-जन की सेवा कर रही है।
दूसरे सत्र में प्रदेश उपाध्यक्ष व नोएडा विधायक पंकज सिंह ने सरकार द्वारा चलाई जा रही गरीब कल्याण योजनाओं और उनके क्रियान्वयन पर विस्तृत जानकारी दी। इसके अलावा तीसरे सत्र में क्षेत्रीय महामंत्री हरीश ठाकुर ने कार्य पद्धति पर और चौथे सत्र में पूर्व मंत्री व पूर्व विधायक नवाब सिंह नागर ने भाजपा के इतिहास और विकास पर प्रकाश डाला।
पांचवें सत्र को भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल एवं डॉक्टर कुणाल सिंह ने संबोधित किया, जबकि छठे सत्र में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मान सिंह गोस्वामी ने व्यावहारिक, सोशल मीडिया प्रबंध और मीडिया प्रबंध पर अपने विचार रखे।
जिला अध्यक्ष ने की राष्ट्र निर्माण की अपील
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण शिविरों के आयोजन से राष्ट्र की भावना और राष्ट्रीयता के संस्कार देने का काम होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं के उत्साह, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह अभियान संगठन को सशक्त और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी से अपील की कि हम सभी मिलकर संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं और विकास, सेवा एवं सुशासन के संकल्प को साकार करें।






















