Paston Letters Scribe AI: दुनिया के सबसे पुराने प्रेम पत्रों में से एक का राज़ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ने खोला है। 540 साल पहले लिखे गए इस खत में 15वीं सदी की एक दुल्हन का दर्द और ‘पैसे बनाम प्यार’ का संघर्ष दर्ज है। सबसे खास बात यह है कि इसे पढ़ने के बाद साफ पता चलता है कि सदियां बीत जाने के बाद भी इंसानी भावनाएं, लालच और मजबूरियां बिल्कुल नहीं बदलीं।
दहेज की रंजिश और प्यार का संघर्ष
यह दिलछोर कर देने वाला प्रेम पत्र फरवरी 1477 में ‘मार्जरी ब्रूज’ नाम की एक महिला ने अपने मंगेतर जॉन पास्टन III को लिखा था। पत्र में उस समय चल रही दहेज की खींचतान और इससे उपजी पीड़ा को बयां किया गया है। मार्जरी की मां उनके पिता को शादी में दहेज की राशि बढ़ाने के लिए राज़ी नहीं कर पा रही थीं, जिसके चलते शादी का रिश्ता अटका हुआ था।
हालांकि, खत में मार्जरी ने अपने प्यार की मिसाल कायम करते हुए जॉन से साफ कहा, “अगर आपके पास मौजूदा संपत्ति से आधी भी होती, तब भी मैं आपका साथ कभी नहीं छोड़ती।” मार्जरी ने जॉन से यह भी गुज़ारिश की थी कि इस पत्र को गुप्त रखा जाए, ताकि दहेज की कमी की बात बाहर न निकले और उन्हें शर्मिंदा न होना पड़े।
भाषा और लिखावट थी बड़ी चुनौती
यह प्रेम पत्र ‘पास्टन लेटर्स’ (Paston Letters) का हिस्सा है, जिसे नॉरफॉक (इंग्लैंड) के एक परिवार ने तीन पीढ़ियों में लिखे गए 400 से अधिक पत्रों का एक अद्भुत संग्रह माना जाता है। हालांकि, इस पत्र को पढ़ना इतिहासकारों और भाषा विशेषज्ञों (एक्सपर्ट्स) के लिए भी एक सिरदर्द था। मार्जरी ने पत्र में एंग्लो-सैक्सन अक्षरों और कई पुराने संक्षिप्त शब्दों का इस्तेमाल किया था। इसकी लिखावट और पुरानी अंग्रेज़ी की शब्दावली आधुनिक पाठकों की समझ से कोसों दूर थी। मैन्युअल रूप से इसे डिकोड करना बेहद धीमा और मुश्किल काम था।
AI ने चुटकियों में किया काम
इस समस्या का हल ‘MyHeritage’ के नए ‘Scribe AI’ टूल ने निकाला। इस एआई टूल ने चुटकियों में उस पुरानी अंग्रेज़ी को समझ लिया और उसे आधुनिक भाषा में तब्दील कर दिया, जिसे पढ़कर आज के दौर के लोग भी 15वीं सदी की उस दुल्हन के दिल की तड़प को महसूस कर सकते हैं।
इंसानी जज्बात कभी नहीं बदलते
मार्जरी के एक वंशज और पुरातत्वविद ने इस खोज पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “यह पत्र हमें याद दिलाता है कि जिन लोगों का हम इतिहास में अध्ययन करते हैं, वे बिल्कुल हमारे जैसे ही थे। उनके पास भी वैसी ही भावनाएं और वैसी ही चुनौतियां थीं, जैसी आज हमारे पास हैं।”
यह प्रेम पत्र केवल एक कागज़ का टुकड़ा नहीं है, बल्कि एक गवाह है कि कैसे सदियों पहले भी एक लड़की को अपने माता-पिता के सामाजिक दबाव और अपने प्यार के बीच संतुलन बिठाने के लिए संघर्ष करना पड़ता था। तकनीक (AI) ने आज हमें उस दौर की उस खामोश आवाज़ को सुनने का मौका दिया है, जो साबित करता है कि तकनीक सिर्फ भविष्य की ओर ही नहीं, बल्कि हमारी जड़ों से जुड़ने का एक मजबूत पुल भी है।
























