Puducherry Exit Poll Results 2026: चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव की कड़वी लड़ाई के अंत और मतदान के तुरंत बाद आए एग्जिट पोल के आंकड़े सिर्फ सीटों का गणित नहीं, बल्कि भारतीय राजनीति के बदलते स्वरूप की एक ‘तस्वीर’ पेश कर रहे हैं। एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल से जो सबसे बड़ा और प्रमुख निष्कर्ष निकलकर सामने आता है, वह है— “डिक्शन (पार्टी आदर्श) से ज्यादा अब ‘पर्सनैलिटी (चेहरा)’ मायने रखती है।”4 मई को आने वाले आधिकारिक नतीजों से पहले, इन आंकड़ों पर गौर करना जरूरी है क्योंकि ये बताते हैं कि मतदाता किसी पार्टी को वोट देने से पहले उसके नेता को अपना ‘नेता’ मान रहा है या नहीं।
तमिलनाडु: ‘थलपति’ की एंट्री और पारंपरिक दलों पर खतरा
तमिलनाडु के एग्जिट पोल ने सबसे बड़ा झटका दिया है। यहां दशकों से चले आ रहे डीएमके और एआईएडीएमके के बीच का द्विपक्षीय मुकाबला तोड़ते हुए अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) को बड़ी सीटों का अनुमान दिया गया है। ज्यादा चौंकाने वाली बात यह है कि सीएम पद की पसंद में विजय (37%) मौजूदा मुख्यमंत्री एमके स्टालिन (35%) से आगे निकल गए हैं। इसका मतलब साफ है कि तमिलनाडु का मतदाता पारंपरिक द्रविड़ राजनीति से ऊब चुका है और एक नए, ऊर्जावान चेहरे की तलाश में है। यहां ‘विजय का जादू’ सिर्फ सिनेमा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि राजनीतिक जमीन पर असली प्रभाव दिखा रहा है।

असम: हिमंता की ‘हैट्रिक’ और एक मजबूत चेहरे का विकास
असम में बीजेपी के लिए यह चुनाव ‘मोदी का जादू’ से ज्यादा ‘हिमंता की पकड़’ का चुनाव बनकर रह गया है। एनडीए को 88-100 सीटों का अनुमान बताता है कि जीत की हैट्रिक लगने वाली है, लेकिन सबसे दिलचस्प आंकड़ा यह है कि सीएम पद के लिए 42% लोगों की पहली पसंद हिमंता बिस्वा सरमा हैं, जबकि कांग्रेस के गौरव गोगोई 32% पर सिमटे हैं। यह भारतीय राजनीति के उस चरण को दर्शाता है जहां क्षेत्रीय कद्दावर नेता किसी भी राष्ट्रीय दल के लिए ‘अजेय’ साबित हो सकते हैं। हिमंता ने असम में बीजेपी को अपनी पार्टी की तरह ढाल दिया है।
केरल: विजयन का ‘पैराडॉक्स’ (विरोधाभास)
केरल के आंकड़े शायद सबसे दिलचस्प और विरोधाभासी हैं। एग्जिट पोल के मुताबिक वाममोर्चा (LDF) सत्ता से बाहर हो सकता है और UDF वापसी कर सकता है। लेकिन, जब सीएम पद की पसंद की बात आती है, तो 33% लोग पिनाराई विजयन को अपना नेता चाहते हैं, जबकि कांग्रेस के वी.डी. सतीशन महज 22% पर हैं। यह एक ऐसा राजनीतिक ‘पैराडॉक्स’ है, जहां मतदाता पार्टी और सरकार के कामकाज से नाराज है, लेकिन नेता की निजी छवि और कब्जा अभी भी बरकरार है। यह बताता है कि केरल में कांग्रेस की जीत अगर होती है, तो वह विजयन की हार नहीं, बल्कि LDF की सामूहिक विफलता होगी।
पुडुचेरी: महज़ एक ‘लोकल चेहरा’ की जीत
पुडुचेरी जैसे छोटे केंद्र शासित प्रदेश में राष्ट्रीय मुद्दे पिछड़ जाते हैं और स्थानीय नेता ही सब कुछ हो जाता है। एन. रंगास्वामी (42%) की बड़ी बढ़त NDA की सरकार बनाने की ओर इशारा करती है। यहां तो सीएम पद की दौड़ में TVK प्रमुख विजय को 17% वोट भी मिलना इंगित करता है कि पड़ोसी राज्यों की राजनीतिक हलचल का असर यहां तक पहुंच रहा है, लेकिन अंत में ‘लोकल कनेक्ट’ ही विजेता बनता है।























