West Bengal News : पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक प्रेम संबंध ने खूनी अंजाम लिया। नरेंद्रपुर थाना क्षेत्र के गरिया स्थित टेंटुलतला इलाके में एक कश्मीरी युवक ने अपनी प्रेमिका की उसके ही ब्यूटी पार्लर में धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने उसी हथियार से अपना गला काटकर आत्महत्या कर ली।
क्या है पूरा मामला?
मृतका की पहचान 50 वर्षीय रूपबानी दास के रूप में हुई है, जो पिछले करीब 15 वर्षों से इस इलाके में ब्यूटी पार्लर चला रही थीं। पुलिस के मुताबिक, रूपबानी का एक कश्मीरी युवक के साथ प्रेम संबंध था। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच कुछ बातों को लेकर अनबन चल रही थी।
ऐसे हुआ वारदात
मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे रूपबानी के पति अनूप कुमार दास ने उन्हें पार्लर छोड़ा था। इसके आधे घंटे बाद ही घर पर फोन आया कि पार्लर में किसी बात को लेकर विवाद हो रहा है। पति जैसे ही मौके पर पहुंचे, उन्होंने देखा कि पार्लर का दरवाजा अंदर से बंद है। जब दरवाजा नहीं खुला, तो परिवार के लोगों ने जबरदस्ती दरवाजा तोड़ा।
अंदर का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए। रूपबानी खून से लथपथ पड़ी थीं और उनके गले पर कई गहरे वार किए गए थे। वहीं, उसका प्रेमी (कश्मीरी युवक) भी गंभीर हालत में पड़ा मिला। उसने भी रूपबानी की हत्या के बाद उसी हथियार से अपना गला रेतकर आत्महत्या का प्रयास किया, जिसमें उसकी भी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें : ‘भूत बंगला’ का नया गाना ‘तू ही दिसदा’ रिलीज, अरिजीत सिंह की आवाज ने बिखेरा जादू
पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है कि आखिर किस बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि युवक को यह कदम उठाना पड़ा। इलाके में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है।


























