संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार मंगलवार को डीसीपी नोएडा रामबदन सिंह के पर्यवेक्षण में एडीसीपी नोएडा मनीष कुमार मिश्र ने थाना सेक्टर-58 का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर और विभिन्न हेल्प डेस्क की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
थाना कार्यालय और हेल्प डेस्क का किया निरीक्षण
आकस्मिक निरीक्षण के दौरान एडीसीपी नोएडा ने थाना कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क और कम्प्यूटर कक्ष को चेक किया। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों को थाने के सभी अभिलेखों को पूर्ण, स्वच्छ और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
महिला हेल्प डेस्क और साइबर हेल्प डेस्क पर तैनात पुलिसकर्मियों को शिकायतों को गंभीरता से लेने और पीड़ितों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया गया। एडीसीपी ने स्पष्ट किया कि शिकायत लेकर आने वाले लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
प्रतिदिन फुट पेट्रोलिंग और सघन चेकिंग के निर्देश
निरीक्षण के दौरान एडीसीपी नोएडा ने थाना प्रभारी सेक्टर-58 को थाना क्षेत्र में प्रतिदिन फुट पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाकर कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने पर जोर दिया गया।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और अपराध की रोकथाम के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वांछित अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी पर जोर
एडीसीपी मनीष कुमार मिश्र ने वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा थाने में लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने और अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


























