Delhi-NCR News: दिल्ली-एनसीआर में आज सोमवार सुबह हुई बारिश ने भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत दी है। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और मौसम सुहावना हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज गरज-चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 33°C और न्यूनतम 24°C रहने का अनुमान है। मौसम में यह बदलाव सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रहा है।
कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का असर
दिल्ली के अलावा पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं दक्षिण भारत के राज्यों—तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक—में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। इसके अलावा तटीय आंध्र प्रदेश में 4 मई को तेज आंधी और पश्चिम बंगाल में 4 से 8 मई के बीच बारिश की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में चार दिन राहत के संकेत
IMD के मुताबिक उत्तर प्रदेश में अगले चार दिनों तक बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट आएगी। कई जिलों में ओलावृष्टि की भी संभावना है। मंगलवार और बुधवार को भी बारिश के आसार बने हुए हैं।
बिहार और राजस्थान में भी बदलेगा मौसम
बिहार के कई हिस्सों में आज बारिश की संभावना है और यह सिलसिला 8 मई तक जारी रह सकता है।
राजस्थान में 4 और 5 मई को 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी दी गई है। यहां धूलभरी आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 4 से 8 मई के बीच हल्की से मध्यम बारिश के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। उत्तराखंड में 4 मई को भारी बारिश का भी अनुमान है।























