Bengal Elections 2026:पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (रविवार) को विष्णुपुर में एक जबरदस्त चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने ममता बनर्जी सरकार और टीएमसी (TMC) पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने साफ शब्दों में कहा कि इस बार बंगाल के चुनाव ऐतिहासिक होने जा रहे हैं, जहां से ‘भयकाल’ को जाना है और ‘सेवाकाल’ को आना है। यहां हैं पीएम मोदी की इस रैली की 5 बड़ी बातें:
1. TMC सिंडिकेट की होगी ‘परमानेंट सर्जरी’
बता दें कि पीएम मोदी ने टीएमसी पर ‘जंगलराज’ चलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब ‘महाजंगलराज’ को ‘महासजा’ (बड़ी सजा) मिलने वाली है। उन्होंने कहा कि बंगाल से भयकाल जाएगा और सेवाकाल आएगा। TMC सिंडिकेट की परमानेंट सर्जरी होगी। उन्होंने टीएमसी के भ्रष्टाचारियों को चेतावनी दी कि वे चुनाव से पहले सरेंडर कर दें, क्योंकि 4 मई (मतगणना) के बाद राज्य में कोई भ्रष्टाचारी नहीं बचेगा।
2. आदिवासियों से नफरत करती है टीएमसी
पीएम मोदी ने टीएमसी को ‘आदिवासी विरोधी’ करार दिया और कहा कि टीएमसी को बिल्कुल पसंद नहीं था कि देश का राष्ट्रपति कोई आदिवासी महिला बने। ममता सरकार के मन में आदिवासियों के लिए कोई सम्मान नहीं है, उन्हें आदिवासियों से नफरत है।
LIVE: PM Shri @narendramodi addresses Vijay Sankalp Sabha in Bishnupur, West Bengal. #BJPJitbeBangla https://t.co/95oRynVxzr
— BJP (@BJP4India) April 19, 2026
3. घुसपैठियों के लिए टूटता है टीएमसी का कानून
टीएमसी पर तीखा हमला करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि टीएमसी सिर्फ घुसपैठियों की सुनती है और उनके लिए हर कानून को ताक पर रख देती है। उन्होंने कहा कि टीएमसी के इस रवैये से बंगाल की बहन-बेटियां सुरक्षित महसूस नहीं करतीं, लेकिन अब बंगाल की बेटियां इस जंगलराज को चुनौती दे रही हैं।
4. महिला आरक्षण पर टीएमसी ने रची साजिश
पीएम मोदी ने महिला आरक्षण का मुद्दा उठाते हुए टीएमसी पर बंगाल की महिलाओं से धोखा करने का आरोप लगाया और कहा कि बंगाल की महिलाएं 33% आरक्षण चाहती थीं, जिसे मोदी ने सुनिश्चित किया। वे चाहती थीं कि यह 2029 से पहले लागू हो, लेकिन टीएमसी और कांग्रेस ने मिलकर साजिश रची।” उन्होंने कहा कि टीएमसी को डर था कि आरक्षण से बंगाल की बेटियां सांसद-विधायक बनकर उनके ‘महाजंगल राज’ को चुनौती देंगी।
5. ‘बंगाल टाइगर’ की दहाड़ से डरी टीएमसी
अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने जनसैलाब का जिक्र करते हुए कहा कि बंगाल नव वर्ष के बाद यह उनकी पहली रैली है और जहां-जहां वह जा रहे हैं, वहां भीड़ के पुराने रिकॉर्ड टूट रहे हैं। उन्होंने कहा कि “बंगाल का टाइगर (जनता) जो दहाड़ रहा है, उससे टीएमसी बुरी तरह डर गई है। बंगाल ने ठान लिया है कि इस बार परिवर्तन (सत्ता परिवर्तन) जरूर होगा।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में 8 चरणों में चुनाव हो रहे हैं और भाजपा पूरी ताकत के साथ सत्ता पर कब्जा करने के लिए ताबड़तोड़ प्रचार अभियान में जुटी हुई है।

















