UP News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में शादी के नाम पर एक सनसनीखेज ठगी का मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने खुद को IAS अधिकारी बताकर एक परिवार को अपना जाल बुना। न सिर्फ धूमधाम से शादी रचाई, बल्कि 15 लाख रुपये कैश ठगे। आरोप है कि विदाई के बाद उसने दुल्हन के साथ छेड़छाड़ की और उसे गोवा ले जाकर बेचने की साजिश रच रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैसे बुना जाल?
बता दें कि पीड़ित परिवार कैंट थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर निवासी है। परिवार अपनी बेटी के लिए रिश्ता तलाश रहा था, तभी एक ग्रुप के जरिए इटावा निवासी प्रीतम से संपर्क हुआ। प्रीतम ने अपने बायोडाटा में खुद को IAS अधिकारी बताया और मनिकपुर में तैनाती होने का दावा किया। परिवार का भरोसा जीतने के लिए उसने नकली इंटरव्यू के वीडियो, ऑफिस की तस्वीरें और कुछ नेताओं के साथ फोटो भेजीं।
शुरू में ‘नो दहेज’, फिर बंद पड़े 15 लाख
बता दें कि शुरुआत में आरोपी ने दहेज न लेने की बात कही, लेकिन रिश्ता पक्का होने के बाद शादी के खर्च के नाम पर वसूली शुरू कर दी। सगाई में 10 लाख और तिलक में 5 लाख रुपये दिए गए। आरोपी ने घर-गृहस्थी का सामान बाद में मंगाने को कहा, जिससे परिवार को शक नहीं हुआ। 11 मार्च को धूमधाम से शादी हुई और परिवार ने कुल करीब 30 लाख रुपये खर्च कर दिए।
यह भी पढ़ें : मथुरा में बवाल: गौरक्षक संत की निर्मम हत्या, दिल्ली-आगरा हाईवे जाम
विदाई के बाद खुली पोल
विदाई के बाद जैसे ही दुल्हन के परिवार को सच्चाई का अंदाजा हुआ, वे इटावा पहुंचे। वहां देखा गया कि ‘IAS अधिकारी’ का घर एक छोटा सा कमरा है। आरोपी प्रीतम और उसकी बहन मौके से फरार हो चुके थे और दुल्हन को उस कमरे में छोड़ दिया गया था।
गोवा में बिकने वाली थी दुल्हन
दुल्हन के पिता का आरोप है कि आरोपी पहले भी दो शादियां फर्जी पहचान से कर चुका है। दुल्हन ने आरोप लगाया कि विदाई के बाद पूरे रास्ते उसके साथ छेड़छाड़ की गई और वह उसे गोवा ले जाकर बेचने की तैयारी में था। उन्होंने कहा कि अगर हम समय पर नहीं पहुंचते, तो वह बेटी को बेच देता।
पुलिस की कार्रवाई
पीड़ित की शिकायत पर कैंट थाने में गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस अब आरोपी के पिछले आपराधिक रिकॉर्ड और रैकेट के संभावित अन्य सदस्यों की भी जांच कर रही है।




















