UP News : उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी रणनीतियां तैयार करनी शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने महिला मतदाताओं को अपनी तरफ आकर्षित करने के लिए एक बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि अगर 2027 में सपा की सरकार बनती है, तो राज्य की गरीब महिलाओं को 40 हजार रुपये की पेंशन दी जाएगी।
महिला सशक्तिकरण पर जोर
अखिलेश यादव ने रविवार को लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में ‘मालती देवी-मूर्ति देवी महिला सम्मान समारोह’ को संबोधित करते हुए यह घोषणा की। उन्होंने महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर ‘स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना’ लाने का वादा किया।
यह भी पढ़ें : बॉक्स ऑफिस पर दो हीरो: धुरंधर 2 ने बनाए रिकॉर्ड, तो आदु 3 ने चुपके से मारी बाजी
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में अखिलेश यादव ने लिखा कि फसल बदलनी है तो बीज बदलने होंगे। स्त्री के प्रति जब मूलभूत मानसिक बीज बदलेंगे तभी उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति में बदलाव आएगा।” उन्होंने कहा कि सपा सरकार रानी लक्ष्मीबाई पेंशन योजना के तहत महिलाओं को सम्मान और आर्थिक सहायता देगी।
PDA का नया अर्थ
सपा प्रमुख ने अपने ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नारे को नया आयाम देते हुए कहा कि PDA में शामिल ‘A’ का मतलब ‘आधी आबादी’ यानी महिलाएं भी हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर बच्ची और महिला को मजबूत बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए उनकी सरकार ठोस कदम उठाएगी।
योगी सरकार पर हमला
इस दौरान अखिलेश यादव ने मौजूदा योगी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने प्रदेश में बढ़ते अपराध और कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर सवाल उठाए। गोरखपुर हत्याकांड, बनारस में छात्र पर गोली चलाने और मथुरा में साधु की हत्या का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह से विफल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में ला एंड ऑर्डर की हत्या हुई। इस सरकार को हटाए बिना कानून व्यवस्था सही नहीं हो सकती।
यह भी पढ़ें : मेरठ: पकौड़ी बनाने को लेकर विवाद बना जानलेवा, मौत
ग्रीन कॉरिडोर और मंत्रिमंडल विस्तार पर तंज
अखिलेश यादव ने लखनऊ के ग्रीन कॉरिडोर को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने इसे “बर्बाद कॉरिडोर” बताते हुए कहा कि यह मानकों के खिलाफ डिजाइन किया गया है और इससे पैदल यात्रियों को कोई राहत नहीं मिलेगी। वहीं, मंत्रिमंडल विस्तार पर उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि “असली विस्तार 2027 में होगा।”
बंगाल चुनाव और फिल्म ‘धुरन्धर 2’
पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर अखिलेश ने ममता बनर्जी की जीत पर भरोसा जताया और दावा किया कि BJP वहां बूथ स्तर पर पैसा खर्च कर रही है। साथ ही, फिल्म ‘धुरन्धर 2’ पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पैसे देकर फिल्में बनाई जा रही हैं ताकि विपक्ष को बदनाम किया जा सके।




















