Exit Poll 2026: : पांच राज्यों (असम, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी) में सियासी तपिश के बाद अब सबकी नजरें 4 मई के नतीजों पर टिकी हैं। वोटिंग खत्म होते ही एग्जिट पोल के नतीजे सामने आ गए हैं, जिनमें तीन राज्यों में मौजूदा सरकारों की वापसी और दो राज्यों में सत्ता परिवर्तन का संकेत मिल रहा है। ‘पोल ऑफ पोल्स’ के आंकड़ों ने कई बड़े सियासी समीकरण निकालकर रख दिए हैं। आइए जानते हैं कैसा रहा पांचों राज्यों का एग्जिट पोल स्कोरकार्ड:
असम: भाजपा की ताबड़तोड़ हैट्रिक, AIUDF का सफाया
असम (कुल 126 सीटें, बहुमत 64) में भाजपा (BJP) की सरकार लगातार तीसरी बार बनती दिख रही है। पोल ऑफ पोल्स के अनुसार, NDA को 92 सीटें मिल सकती हैं, जबकि कांग्रेस गठबंधन 28 सीटों पर सिमट सकता है। सबसे बड़ा झटका बदरुद्दीन अजमल की पार्टी AIUDF को लगने वाला है, जिसका शून्य पर आना अनुमानित है। अन्य के खाते में 6 सीटें जा सकती हैं।
पश्चिम बंगाल: फंसा पेच, TMC-BJP में कांटे की टक्कर
ममता बनर्जी के गढ़ पश्चिम बंगाल (कुल 294 सीटें, बहुमत 148) में इस बार असली ‘खेला’ देखने को मिल सकता है। एग्जिट पोल में कांटे की टक्कर दिख रही है। पोल ऑफ पोल्स के मुताबिक, TMC को 151 और BJP को 137 सीटें मिलती नजर आ रही हैं। हालांकि, अगर BJP का यह आंकड़ा सच साबित होता है, तो यह पार्टी की अब तक की सबसे बेहतरीन उपलब्धि होगी। कांग्रेस को 2, लेफ्ट को 1 और अन्य को 3 सीटें मिलने का अनुमान है।
तमिलनाडु: स्टालिन की वापसी तय, लेकिन ‘विजय’ ने मचाया जलवा
तमिलनाडु (कुल 234 सीटें, बहुमत 118) में DMK के एमके स्टालिन एक बार फिर सत्ता में वापसी करते दिख रहे हैं। पोल ऑफ पोल्स के अनुसार, DMK को 121 और ADMK को 79 सीटें मिल सकती हैं। लेकिन इन चुनावों की सबसे बड़ी कहानी एक्टर से नेता बने विजय की पार्टी TVK की रही, जो पहली बार चुनाव मैदान में उतरी है। अनुमान के मुताबिक, TVK 31 सीटें जीतकर राज्य की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभर सकती है।
केरलम: लेफ्ट का ढह सकता है आखिरी किला
केरल (कुल 140 सीटें, बहुमत 71) में सत्ता परिवर्तन के स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं। पोल ऑफ पोल्स के अनुसार, LDF को 60 सीटें मिल सकती हैं, जबकि UDF 75 सीटों के साथ सरकार बनाती नजर आ रही है। NDA का प्रदर्शन यहां भी 4 सीटों तक सीमित रहने का अनुमान है।
पुडुचेरी: NDA की आसान वापसी
पुडुचेरी (कुल 30 सीटें, बहुमत 16) में एनडीए की सरकार बनना लगभग तय माना जा रहा है। पोल ऑफ पोल्स के मुताबिक, NDA (NRC+) को 19 सीटें मिल सकती हैं। वहीं, कांग्रेस को 8, विजय की TVK को 2 और अन्य को 1 सीट मिलने का अनुमान है।

























