दिल्ली में दरिंदगी: 2 लाख रुपये के बकाया पर दबंगों ने इलेक्ट्रिक ग्राइंडर से काट डाले हलवाई के हाथ

Dabri Police Post : लोकेश गुप्ता पेशे से एक हलवाई हैं और साथ ही टेंट और कैटरिंग सर्विस भी चलाते हैं। पिछले 20 अप्रैल को आरोपी अजय पाल के परिवार में एक शादी समारोह आयोजित हुआ था, जिसमें लोकेश ने कैटरिंग का काम संभाला था। इस कैटरिंग का कुल बिल 2.5 लाख रुपये था, जिसमें से अजय पाल अभी तक लगभग 2 लाख रुपये का भुगतान करने में आनाकानी कर रहा था।

शादी समारोह के 2 लाख रुपये मांगे तो आरोपियों ने कर दिया ये बर्बर हमला (फाइल फोटो)

HIGHLIGHTS

  • दिल्ली में पावर ग्राइंडर से काटे गए कैटरर के हाथ, AIIMS में भर्ती
  • डाबड़ी में हलवाई के हाथों पर चलाया गया इलेक्ट्रिक कटर
  • बकाया रकम मांगने पर युवक को छत पर ले जाकर रेते गए हाथ
  • रोजी-रोटी कमाने वाले हलवाई के हाथ किए बेकार!
  • दिल्ली में पैसों के विवाद ने लिया खूनी रूप

Delhi News: दिल्ली में अपराधियों के हौसले किस हद तक पहुंच गए हैं, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि महज 2 लाख रुपये के बकाया पर दबंगों ने एक शख्स के हाथों को इलेक्ट्रिक पावर ग्राइंडर से काट दिया। यह दिल दहला देने वाली घटना शुक्रवार शाम डाबड़ी इलाके के विजय एन्क्लेव में सामने आई है। पीड़ित की हालत नाजुक बनी हुई है, जिसे उपचार के लिए एम्स (AIIMS) रेफर किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे डाबड़ी पुलिस स्टेशन को एक फोन कॉल मिला, जिसमें बताया गया कि विजय एन्क्लेव में कुछ लोगों ने एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला किया है और उसके हाथ काट दिए हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने खून से लथपथ 32 वर्षीय लोकेश गुप्ता को बेहोशी की हालत में पड़ा पाया।

पैसों के लेन-देन को लेकर हुई थी बहस

मामले की जांच में जुटी पुलिस के मुताबिक, लोकेश गुप्ता पेशे से एक हलवाई हैं और साथ ही टेंट और कैटरिंग सर्विस भी चलाते हैं। पिछले 20 अप्रैल को आरोपी अजय पाल के परिवार में एक शादी समारोह आयोजित हुआ था, जिसमें लोकेश ने कैटरिंग का काम संभाला था। इस कैटरिंग का कुल बिल 2.5 लाख रुपये था, जिसमें से अजय पाल अभी तक लगभग 2 लाख रुपये का भुगतान करने में आनाकानी कर रहा था। शुक्रवार को लोकेश अपना बकाया पैसा लेने के लिए अजय के घर पहुंचा, जहां दोनों के बीच इस मुद्दे को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई।

छत पर ले जाकर किया गया हमला

बहस इतनी बढ़ गई कि अजय पाल ने अपने 2-3 अन्य साथियों के साथ मिलकर लोकेश पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने पहले लोकेश को बुरी तरह पीटा और फिर उसे घर की छत पर ले जाकर एक इलेक्ट्रिक पावर ग्राइंडर (कटर) का इस्तेमाल करते हुए उसके दोनों हाथों पर गहरे घाव कर दिए।

डॉक्टरों ने बताई चोटों की गंभीरता

घायल लोकेश को तत्काल इलाज के लिए पास के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन चोटों की भयावहता को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत AIIMS रेफर कर दिया। एम्स के डॉक्टरों ने बताया कि हमला इतना बर्बरतापूर्ण था कि हाथों की नसें और हड्डियां बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गई हैं।

पुलिस ने की कार्रवाई, एक गिरफ्तार

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अजय पाल (53) को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा हमले में शामिल दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटा लिए हैं और पीड़ित के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।

द्वारका जोन के डीसीपी (DCP) कुशल पाल सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि यह हमला पूरी तरह से पैसों के विवाद को लेकर किया गया है। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। हमले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कोई भी नरमी नहीं बरती जाएगी।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now