BJP And TMC Workers Clashed: पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले सियासी तापमान बढ़ता दिख रहा है। राज्य के दक्षिण 24 परगना जिले के बसंती इलाके में भाजपा (BJP) के उम्मीदवार बिकाश सरदार के चुनाव प्रचार के दौरान भीषण हिंसा भड़क उठी। इस दौरान दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर लाठी-डंडा चला, जिसमें पुलिसकर्मियों समेत कई लोग घायल हो गए।
क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि घटना दोपहर करीब 1 बजे की है, जब भाजपा (BJP) उम्मीदवार बिकाश सरदार बसंती बाजार के पास चुनाव प्रचार कर रहे थे। इसी दौरान एक तीसरे पक्ष के उपद्रवियों ने हमला शुरू कर दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उपद्रवियों ने भाजपा कार्यकर्ताओं की बुरी तरह पिटाई की और जब पुलिस ने हस्तक्षेप करने की कोशिश की तो उन पर भी हमला बोल दिया गया। इस झड़प में कई पुलिसकर्मी और करीब 8-10 भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गए।
यह भी पढ़ें : रत्न भंडार की चाबी का राज और खजाने का अंदाजा… जानें 12वीं सदी की अनोखी कहानी।
उम्मीदवार का आरोप
घटना के बाद भाजपा (BJP) उम्मीदवार बिकाश सरदार ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर सुनियोजित हमले का आरोप लगाया है। सरदार ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुनियोजित तरीके से हमला किया। उन्होंने सड़कें जाम कर दीं और पुलिस पर भी हमला किया। तृणमूल ने बीडीओ और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर भाजपा पर हमला करने की कोशिश की है। वे अपनी हार से डरे हुए हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके भाई पर हमला हुआ और कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई।
वायरल वीडियो और पुलिस कार्रवाई
बता दें कि इस हिंसा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कथित वीडियो में एक व्यक्ति को बांस की लाठियों से बेरहमी से पीटते हुए देखा जा सकता है। कुछ अन्य वीडियो में एक RAF जवान को भी भागते हुए देखा गया है।
हालांकि, पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामले को नियंत्रित किया और कम से कम 8 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए मौके पर भारी संख्या में सीएपीएफ (CAPF) और पुलिस बल तैनात किया गया है। एक घायल भाजपा कार्यकर्ता ने बताया कि उपद्रवियों के पास हथियार थे और वे बांस की लाठियों से हमला कर रहे थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।




















