Vasai—Virar Jumbo Block:पश्चिम रेलवे द्वारा पटरियों के रखरखाव और बुनियादी ढांचागत कार्यों के चलते आने वाले दिनों में ट्रेन सेवाओं पर बड़ा असर पड़ने वाला है। रेलवे प्रशासन ने वसई रोड और विरार स्टेशनों के बीच ‘जंबो ब्लॉक’ तथा प्रभादेवी स्टेशन पर ‘मेजर ब्लॉक’ की घोषणा की है। इन ब्लॉक्स के चलते कई उपनगरीय (लोकल) ट्रेनों का निरस्तीकरण किया जाएगा, जबकि लंबी दूरी की मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को नियंत्रित (रेगुलेट) किया जाएगा।
ब्लॉक का समय और स्थान
बता दें कि रेलवे के जनसंपर्क विभाग के अनुसार, वसई रोड और विरार के बीच अप और डाउन धीमी लाइनों पर रात 12:15 बजे से 4:15 बजे तक जंबो ब्लॉक लिया जाएगा। वहीं, प्रभादेवी स्टेशन पर प्रभादेवी रोड ओवरब्रिज के पुराने गर्डर को हटाने के काम के लिए शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि में सभी लाइनों पर बड़ा (मेजर) ब्लॉक रहेगा। यह ब्लॉक रात 1:30 बजे से सुबह 6:00 बजे तक चलेगा।
यह भी पढ़ें : ऋतिक रोशन और रायन गॉसलिंग की फिल्म का बना अनोखा कनेक्शन
लोकल ट्रेनों पर पड़ेगा असर
बता दें कि वसई रोड-विरार ब्लॉक के दौरान धीमी लाइन की सभी ट्रेनों को विरार/वसई रोड और बोरीवली के बीच फास्ट लाइन पर चलाया जाएगा। हालांकि, प्रभादेवी ब्लॉक का असर अधिक गहरा रहेगा। इस अवधि के दौरान चर्चगेट और प्रभादेवी के बीच, तथा माटुंगा रोड और माहिम स्टेशनों पर कोई भी उपनगरीय ट्रेन सेवा उपलब्ध नहीं रहेगी। कुछ ट्रेनों को दादर और बांद्रा से ही शॉर्ट टर्मिनेट कर वापस भेजा जाएगा, जबकि कुछ सेवाओं को रद्द कर दिया जाएगा।
मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में देरी
ब्लॉक के कारण कुछ मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को सूरत और विरार के बीच नियंत्रित किया जाएगा। प्रभावित होने वाली प्रमुख ट्रेनें इस प्रकार हैं:
- ट्रेन संख्या 09184 वाराणसी-मुंबई सेंट्रल एसी स्पेशल: 2 घंटे विलंब।
- ट्रेन संख्या 22946 ओखा-मुंबई सेंट्रल सौराष्ट्र मेल: 1 घंटा 45 मिनट विलंब।
- ट्रेन संख्या 12928 एकता नगर-दादर सुपरफास्ट एक्सप्रेस: 1 घंटा विलंब।
- ट्रेन संख्या 12902 अहमदाबाद-दादर गुजरात मेल: 1 घंटा विलंब।
- ट्रेन संख्या 09052 भुसावल-दादर स्पेशल: 45 मिनट विलंब।
22 मार्च को दिन में नहीं लगेगा ब्लॉक
यात्रियों के लिए राहत की खबर यह है कि रविवार, 22 मार्च को पश्चिम रेलवे के उपनगरीय खंड पर दिन के समय कोई ब्लॉक नहीं रहेगा। हालांकि, मुंबई सेंट्रल से सुबह 5:40 बजे रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 22953 (मुंबई सेंट्रल-अहमदाबाद गुजरात सुपरफास्ट एक्सप्रेस) अब सुबह 6:10 बजे प्रस्थान करेगी।
























