संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। दिल्ली-एनसीआर में कथित तौर पर लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले तीन शातिर बदमाशों को थाना सेक्टर-39 नोएडा पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, चोरी की स्कूटी समेत अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कुछ दिन पहले थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में एक ई-रिक्शा लूट की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
एमिटी गोल चक्कर पर पुलिस कर रही थी चेकिंग
पुलिस उपायुक्त जोन प्रथम राम बदन सिंह ने बताया कि देर रात थाना सेक्टर-39 पुलिस की टीम एमिटी गोल चक्कर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की स्कूटी पर तीन व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने रुकने के बजाय स्कूटी को सेक्टर-98 की ओर दौड़ा दिया।
पुलिस टीम ने पीछा करते हुए बदमाशों को घेर लिया। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा हुआ देखकर आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध हथियार और चोरी की स्कूटी बरामद की है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ ही उनसे जुड़ी अन्य लूट की घटनाओं की भी जांच कर रही है।
ई-रिक्शा लूट की वारदात कबूली
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में कुछ दिन पहले एक ई-रिक्शा लूटने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब इस मामले में आरोपियों की भूमिका और उनके साथियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
नोएडा पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दिल्ली-एनसीआर में हुई अन्य लूट और चोरी की वारदातों से इनका कोई संबंध है या नहीं।



























