Congress Sonia Gandhi: कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी को मंगलवार रात अचानक स्वास्थ्य खराब होने के बाद दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि 79 वर्षीय सोनिया गांधी को सांस और छाती (चेस्ट) संबंधी समस्याओं के कारण अस्पताल लाया गया।
डॉक्टरों की टीम कर रही निगरानी
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, सोनिया गांधी का इलाज डॉ. अनूप बासु की देखरेख में चल रहा है। उनकी स्थिति को लेकर चेस्ट मेडिसिन विशेषज्ञों की एक टीम उनकी सघन जांच कर रही है। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन और पार्टी सूत्रों ने स्थिति को ‘स्थिर’ बताया है और बताया गया है कि उन्हें एहतियात के तौर पर ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। अस्पताल पहुंचने पर उनके साथ उनके बेटे और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी तथा बेटी प्रियंका गांधी भी मौजूद हैं। सूत्रों का कहना है कि पिछले कुछ समय से प्रदूषण के कारण उन्हें लगातार खांसी की समस्या बनी हुई थी।
पिछले कुछ महीनों में स्वास्थ्य बना रहा मुद्दा
यह पहली बार नहीं है जब सोनिया गांधी को अस्पताल भर्ती होना पड़ा हो। दो महीने पहले जनवरी, 2026 में भी उनकी तबियत काफी खराब हो गई थी, जिसके बाद उन्हें छह दिनों तक सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती रखा गया था। इससे पहले जून 2025 में भी पेट संबंधी समस्या के चलते उन्हें इसी अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था, जहां चार दिनों के इलाज के बाद उन्हें डिस्चार्ज किया गया था।
सियासी सफर: दूरी से लेकर कमान तक
सोनिया गांधी का राजनीतिक सफर काफी रोचक रहा है। 1968 में राजीव गांधी से शादी के बाद उन्होंने लंबे समय तक राजनीति से दूरी बनाए रखी। 1980 में संजय गांधी की मृत्यु के बाद राजीव गांधी राजनीति में आए और 1984 में प्रधानमंत्री बने, लेकिन सोनिया गांधी ने इस दौरान भी कला संरक्षण जैसे क्षेत्रों में ही रुचि दिखाई।
यह भी पढ़ें : निजी अस्पताल की बड़ी लापरवाही,मौत से अनजान परिजन, पुलिस को थी मौत की सूचना
1991 में राजीव गांधी की हत्या के बाद कांग्रेस ने उन्हें पार्टी का नेतृत्व सौंपने का प्रस्ताव रखा, जिसे उन्होंने शुरुआत में ठुकरा दिया। हालांकि, 1998 में उन्होंने कांग्रेस की कमान संभाली। उनके नेतृत्व में कांग्रेस ने 2004 और 2009 में लोकसभा चुनाव जीते। सबसे चर्चित फैसला तब हुआ जब उन्होंने प्रधानमंत्री पद को ठुकराकर डॉ. मनमोहन सिंह को यह जिम्मेदारी सौंपी। वर्तमान में वह राज्यसभा सांसद और कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख हैं।



















