ऋषी तिवारी
Delhi News : राजधानी दिल्ली के पालम इलाके में आज सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब एक चार मंजिला आवासीय इमारत में अचानक भीषण आग लग गई। इस भीषण अग्निकांड में 9 लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं।
जाने कैसे लगी आग?
बता दें प्राप्त जानकारी है कि आग की शुरुआत सुबह के समय इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित एक कॉस्मेटिक की दुकान से हुई। दुकान में रखे ज्वलनशील सामान के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया और तेजी से ऊपरी मंजिलों की ओर फैल गई। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का बड़ा कारण माना जा रहा है। पूरी इमारत तेज लपटों और घने धुएं से घिर गई, जिससे अंदर मौजूद लोग फंस गए।
बचाव और राहत कार्य
सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की तीव्रता को देखते हुए घटनास्थल पर लगभग 30 दमकल गाड़ियों को तैनात किया गया। इसके अलावा, 11 CATS एम्बुलेंस, वायु सेना पुलिस, NDRF और BSES के कर्मचारियों ने राहत एवं बचाव कार्य में हिस्सा लिया। अग्निशमन अधिकारी एसके दुआ ने बताया कि काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है और कूलिंग ऑपरेशन जारी है। उन्होंने कहा कि हमने 9 घायलों को इमारत से बाहर निकाला है और उन्हें अस्पताल भेजा गया है। हमारे पहुंचने से पहले 2 लोगों ने कूदकर जान बचाने की कोशिश की थी, उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़ें : पंजाब में कानून-व्यवस्था चरमरा, सिंगर और एक्टर गिप्पी ग्रेवाल को मिली जानलेवा धमकी
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
बता दें कि आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। पुलिस ने तत्काल आसपास के क्षेत्र को खाली कराया और यातायात को नियंत्रित किया। दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, मृतकों में एक ही परिवार के कई सदस्य शामिल हैं। आग के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए एफएसएल (FSL) टीम को भी बुलाया गया है।
मुख्यमंत्री का बयान
इस दर्दनाक हादसे पर दुख जताते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि पालम स्थित इमारत में लगी आग की घटना बेहद दुखद है। उन्होंने पुष्टि की कि एक ही परिवार के कई लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि घटना की गहराई से जांच की जाएगी और इमारत की सुरक्षा व्यवस्था तथा अग्निशमन उपकरणों की जांच कराई जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।




















