ऋषी तिवारी
Bollywood News : पंजाब की राजनीति और कानून-व्यवस्था को लेकर एक बड़ा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने सिंगर और एक्टर गिप्पी ग्रेवाल (Gippy Grewal) को कथित तौर पर कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ (Goldy Brar) की ओर से जान से मारने की धमकी मिली है। यह खबर उस समय हलचल मचा रही है, जब हाल ही में पंजाब सरकार ने उनकी सुरक्षा वापस ले ली थी।
सुरक्षा वापस लेने के बाद आई धमकी
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने इस मामले को सार्वजनिक करते हुए पंजाब की भगवंत मान सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर एक पोस्ट साझा करते हुए बादल ने एक ऑडियो क्लिप का हवाला दिया है। दावा किया गया है कि इस ऑडियो में एक व्यक्ति खुद को गोल्डी बराड़ बताते हुए गिप्पी ग्रेवाल को जान से मारने की धमकी दे रहा है।
सुखबीर बादल का हमला, कहा- “पंजाब में कोई सुरक्षित नहीं”
अपने पोस्ट में सुखबीर सिंह बादल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधा है। उन्होंने लिखा कि यह जानकर बेहद दुख हुआ कि हमारे सुपरस्टार गिप्पी ग्रेवाल को कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ से धमकी मिली है, वह भी उस समय जब मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उनकी सुरक्षा वापस ले ली। उन्होंने आगे लिखा कि पंजाब में अब कोई भी सुरक्षित नहीं है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।” बादल ने इस पूरे प्रकरण की जिम्मेदारी सीधे तौर पर मुख्यमंत्री पर डाली है।
यह भी पढ़ें : पिता बनने के बाद रणदीप हुड्डा का दमदार कमबैक! फिल्म में हरियाणवी जाट में दिखेंगे
सिद्धू मूसेवाला का दिया जिक्र
अपने आक्रमण को और तेज करते हुए सुखबीर बादल ने पंजाब के दिग्गज गायक सिद्धू मूसेवाला (Sidhu Moosewala) का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पंजाब ने पहले भी अपने एक बेहतरीन गायक को खोया है, जब सिद्धू मूसेवाला की हत्या कर दी गई थी। मूसेवाला की हत्या के समय भी उनकी सुरक्षा कम करने को एक बड़ा कारण माना गया था। बादल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अगर गिप्पी ग्रेवाल के साथ कुछ भी अप्रिय घटना होती है, तो उसकी सीधी जिम्मेदारी मुख्यमंत्री भगवंत मान की होगी।
पुलिस और सरकार की चुप्पी
बता दें कि इस पूरे मामले में पंजाब पुलिस या राज्य सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि, एक वायरल ऑडियो क्लिप और एक प्रमुख राजनीतिक नेता के आरोपों के बीच पुलिस की चुप्पी सवालों के घेरे को बढ़ा रही है।
कलाकारों में दहशत का माहौल
इस घटना ने पंजाबी फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद से ही पंजाब में कलाकारों की सुरक्षा एक गंभीर मुद्दा बना हुआ है। अब जबकि एक और बड़े सिंगर को खुली धमकी मिली है, तो कलाकारों और आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना और गहराई है।



















