नेताओं-सेलेब्स का ‘गुरु’ कानून के घेरे में, 58 वीडियो जब्त

दूसरों की कुंडली पढ़ने वाला 'ज्योतिषी' अशोक खरात खुद फंसा

Maharastra News : बड़े-बड़े नेताओं से लेकर सेलिब्रिटीज तक के भविष्य का पता लगाने और ग्रह-नक्षत्रों की मदद से किस्मत बदलने का दावा करने वाला महाराष्ट्र का चर्चित ‘ज्योतिषी’ अशोक खरात उर्फ कैप्टन खरात आज कानून के कठोर चक्र में फंस गया है। नासिक क्राइम ब्रांच ने उसे एक 35 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म के गंभीर आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला सिर्फ एक अपराध से ज्यादा है, यह उस व्यक्ति के पतन की कहानी है, जो दूसरों की कुंडली पढ़ता था, लेकिन अपनी जिंदगी के इस मोड़ को नहीं भांप सका।

नेताओं और सेलिब्रिटीज का ‘चहेता’ था खरात

बता दें कि अशोक खरात की पहचान सिर्फ एक आम ज्योतिषी नहीं थे। वह खुद को ‘कैप्टन’ कहता था और महाराष्ट्र के कई प्रभावशाली राजनीतिक चेहरों और उद्योगपतियों का ‘आध्यात्मिक मार्गदर्शक’ माना जाता था। उसकी चर्चा तब चरम पर पहुंच गई थी, जब नवंबर 2022 में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे नासिक के मिरगांव स्थित मंदिर पहुंचे थे और कथित तौर पर खरात से मुलाकात की थी। इस मुलाकात ने उसे रातोंरात सुर्खियों में पहुंचा दिया था। वह श्री ईशान्येश्वर मंदिर ट्रस्ट का चेयरमैन भी था, जिससे उसकी पकड़ आम लोगों से लेकर वीआईपी तक मजबूत हो गई थी।

यह भी पढ़ें : पालम अग्निकांड: केजरीवाल ने BJP पर लगाया गुंडागर्दी का आरोप, मांगी जांच

छापेमारी में खुला ‘राज़’, 58 वीडियो जब्त

बता दें कि पुलिस की कार्रवाई ने खरात के ‘पवित्र’ चेहरे के पीछे का असली चेहरा उजागर कर दिया है। क्राइम ब्रांच ने उसके ठिकानों पर छापेमारी करते हुए एक चौंकाने वाला खुलासा किया। पुलिस ने 58 वीडियो जब्त किए हैं, जिनमें कुछ चर्चित महिलाओं और सेलिब्रिटीज के होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने इस बारे में आधिकारिक तौर पर बयान देने से परहेज किया है, लेकिन फॉरेंसिक जांच के बाद आने वाले समय में कई बड़े नाम सामने आ सकते हैं।

कैसे खुला मामला?

पुलिस के अनुसार, एक 35 वर्षीय महिला ने सरकारवाड़ा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराते हुए अशोक खरात पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले का गहराई से पता लगाया और सुरागों के आधार पर क्राइम ब्रांच यूनिट-1 ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पढ़ें : नोरा फतेही के खिलाफ फतवे के बीच, जानें फतवों के अजीबोगरीब दायरे

SIT जांच में जुटी, महिला IPS कर रहीं नेतृत्व

मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने जांच स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) को सौंप दी है। इस टीम का नेतृत्व महिला आईपीएस अधिकारी तेजस्विनी सातपुते कर रही हैं। उन्होंने आरोपी से करीब दो घंटे तक पूछताछ की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल सबूतों और जब्त वीडियो की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की रूपरेखा तैयार होगी।

‘अंधविश्वास’ पर सवाल

यह मामला एक बार फिर समाज में फैले अंधविश्वास को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। महाराष्ट्र अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति पहले से ही खरात जैसे ‘बाबाओं’ के खिलाफ आवाज उठा रही थी। जब मुख्यमंत्री शिंदे ने उससे मुलाकात की थी, तब भी संगठनों ने इस पर गहरी आपत्ति जताई थी और ऐसे तांत्रिकों को बढ़ावा देने पर सवाल उठाए थे। अब खरात की गिरफ्तारी ने उन लोगों की आंखें खोल दी हैं, जो आंख मूंदकर ऐसे तथाकथित ज्योतिषियों पर भरोसा करते हैं।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now