संध्या समय न्यूज
UP News : समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री मोहम्मद आजम खान एक बार फिर अपने विवादित और सुर्खियां बटोरने वाले बयान के साथ सुर्खियों में हैं। वर्तमान में रामपुर जेल में बंद आजम खान ने अमेरिका-ईरान के बीच चल रहे संघर्ष और ईरान में मासूम बच्चियों की मौत को लेकर मुस्लिम समुदाय से एक खास अपील की है। उन्होंने अपने समर्थकों से इस बार ईद को सादगी के साथ मनाने और काले कपड़े पहनकर विरोध जताने की अपील की है।

जेल में मिलने के बाद सामने आया संदेश
दरअसल, रामपुर जेल में बंद आजम खान से उनकी पत्नी और सपा नेता डॉक्टर तंजीन फातिमा के साथ ही मुरादाबाद के सपा नेता युसूफ मलिक मुलाकात करने पहुंचे थे। मुलाकात के बाद जेल के बाहर मीडिया से बात करते हुए युसूफ मलिक ने आजम खान का यह संदेश साझा किया। उन्होंने बताया कि जेल में बंद नेता को ईरान में हो रही घटनाओं का गहरा दुख है।
क्या है आजम खान की अपील?
युसूफ मलिक के जरिए आजम खान ने खासकर मुस्लिम समुदाय, विशेष रूप से सुन्नी मुसलमानों से अपील की है कि वे ईरान में हुई घटनाओं पर शोक और विरोध दर्ज कराएं। आजम खान का कहना है कि काले वस्त्र पहनें ईद के दिन विरोध के प्रतीक के रूप में काले कपड़े पहनें। काली पट्टी बांधें विरोध को दर्शाने के लिए काली पट्टी बांधें। नए कपड़े न बनवाएं इस बार ईद पर नए कपड़े सिलवाने या खरीदने से परहेज करें। खुशी न मनाएं ईद के मौके पर जश्न या खुशी का प्रदर्शन न करें। उन्होंने कहा कि ईरान में जो घटनाएं हुई हैं, उनमें कई मासूम बच्चियों की जान गई है, जो पूरी मुस्लिम दुनिया के लिए एक दुखद घटना है। इस दर्द को व्यक्त करने के लिए इस बार ईद को सादगी और शोक के साथ मनाया जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें : ‘भूत बंगला’ ने इंटरनेट पर मचाई तूफान! 24 घंटे में 55 मिलियन व्यूज
जेल में भी सुर्खियों में बने रहने वाले नेता
गौरतलब है कि मोहम्मद आजम खान फिलहाल विभिन्न मामलों में सजा मिलने के बाद रामपुर जेल में बंद हैं। इसके बावजूद वह समय-समय पर राजनीतिक और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर अपने विचार सामने रखते रहते हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जेल में रहते हुए भी आजम खान के बयान अक्सर चर्चा में बने रहते हैं और यह नई अपील भी राजनीतिक और सामजिक हलकों में बहस का विषय बनने वाली है।
























